रुद्रपुर: डीडी चौक पर दो गुटों में निकले तलवारें व तमंचे
रुद्रपुर, अमृत विचार। शहर में सोमवार को हत्याकांड की घटना और पुलिस पर पथराव का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस चौकसी को धता बताते हुए डीडी चौक पर हंगामा कर दिया। सोमवार की रात दो गुटों के आपसी विवाद में तलवारें और तमंचे निकाल लिए गए। …
रुद्रपुर, अमृत विचार। शहर में सोमवार को हत्याकांड की घटना और पुलिस पर पथराव का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस चौकसी को धता बताते हुए डीडी चौक पर हंगामा कर दिया। सोमवार की रात दो गुटों के आपसी विवाद में तलवारें और तमंचे निकाल लिए गए।
पुलिस के आने की भनक लगते ही दोनों गुट फरार हो गए। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ के बाद चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
सोमवार रात करीब साढे़ 11 बजे एक बाइक और कार सवार युवकों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि पहले युवकों में मारपीट हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों ने फोन कर अपने-अपने साथियों को बुला लिया। दूसरे लोग तलवार व तमंचे लेकर पहुंच गए।
इसी बीच किसी ने बाजार चौकी पुलिस को सूचना दे दी। चौकी पुलिस के आने की खबर मिलते ही दोनों गुटों के युवक एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देते हुए फरार हो गए। चौकी प्रभारी संदीप शर्मा ने बताया कि डीडी चौक पर मारपीट की सूचना आई थी लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक भाग चुके थे।
स्थानीय लोगों से जानकारी लेने के बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। यदि कैमरों में तलवारें व तमंचे निकलने की पुष्टि होती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
