भीमताल: रिजॉर्ट स्वामी की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
भीमताल, अमृत विचार। तल्लीताल स्थित आमडाली में बुधवार दोपहर रिजॉर्ट स्वामी की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन बेहोशी की हालत में महिला को सीएचसी लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। एसआई भुवन जोशी ने बताया कि क्षेत्र निवासी पुलक रंजन शुक्ला का आमडाली में रिजॉर्ट …
भीमताल, अमृत विचार। तल्लीताल स्थित आमडाली में बुधवार दोपहर रिजॉर्ट स्वामी की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन बेहोशी की हालत में महिला को सीएचसी लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
एसआई भुवन जोशी ने बताया कि क्षेत्र निवासी पुलक रंजन शुक्ला का आमडाली में रिजॉर्ट है। उनकी पत्नी सरिता शुक्ला (59) को अचेत अवस्था में सीएचसी में लाने की सूचना मिली थी। घटना के बाद सीएचसी में पहुंचने पर महिला के परिजनों से पूछताछ की गई। परिजनों ने बताया कि सरिता एक कमरे में अचेत अवस्था में पड़ी हुई थीं।
सीएचसी लाने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला के पति ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। पुलिस को महिला के गले पर हल्के निशान मिले हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही तरीके से पता चल पायेगा।
