रुद्रपुर: प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण कार्य में देरी पर मेयर नाराज
रुद्रपुर, अमृत विचार। किच्छा रोड पर लगे कूडे़ के पहाड़ से शहरवासियों को जल्द निजात मिलने की उम्मीद है। नगर निगम का निर्माणाधीन कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट अप्रैल में पूरा हो जायेगा। इसके बाद कूड़े को चरणबद्ध तरीके से प्रोसेस किया जायेगा। बुधवार को मेयर रामपाल सिंह ने फाजलपुर महरौला में निर्माणाधीन प्रोसेसिंग प्लांट पहुंचकर निर्माण …
रुद्रपुर, अमृत विचार। किच्छा रोड पर लगे कूडे़ के पहाड़ से शहरवासियों को जल्द निजात मिलने की उम्मीद है। नगर निगम का निर्माणाधीन कूड़ा प्रोसेसिंग प्लांट अप्रैल में पूरा हो जायेगा। इसके बाद कूड़े को चरणबद्ध तरीके से प्रोसेस किया जायेगा।
बुधवार को मेयर रामपाल सिंह ने फाजलपुर महरौला में निर्माणाधीन प्रोसेसिंग प्लांट पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और अप्रैल तक प्लांट को हर हाल में चालू करने के निर्देश दिये। मेयर ने निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताई और निर्माण कार्य करा रही कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से फीड बैक लिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। निर्माण कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समय पर पूरे होने चाहिये।
मेयर रामपाल ने कहा कि प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण पूरा होने के बाद जल्द ही घरों से निकलने वाले गीले कचरे से बायोगैस का उत्पादन करके उसे कम्प्रेस्ड कर सीएनजी के रूप में उपयोग में लाया जायेगा। इससे जहां शहर में कचरे की समस्या का समाधान होगा वहीं इससे नगर निगम को आर्थिक लाभ होगा।
मेयर ने कहा कि नई सोच के साथ रुद्रपुर को विकास का मॉडल बनाने के दिशा में नगर निगम लगातार काम कर रहा है। शहर में कचरे के निस्तारण की समस्या कई वर्षों से बनी हुयी है। किच्छा रोड से कचरे के पहाड़ को हटाने का काम निरंतर जारी है। प्रोसेसिंग प्लांट के चलने से इसमें और भी तेजी आयेगी।
