सीतापुर: चुनावी रंजिश के चलते दो पक्षों में चलीं लाठियां, घायल बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत
सीतापुर। चुनावी रंजिश के चलते सदरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात दो पक्षों में गाली-गलौज के बाद जमकर लाठियां चलीं। इस मारपीट में छह लोग घायल हो गए। घायलों को फौरन सीएचसी पहला ले जाया गया। प्रथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के …
सीतापुर। चुनावी रंजिश के चलते सदरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात दो पक्षों में गाली-गलौज के बाद जमकर लाठियां चलीं। इस मारपीट में छह लोग घायल हो गए। घायलों को फौरन सीएचसी पहला ले जाया गया। प्रथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। जबकि चार लोगों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना को लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात है। सीआे का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस दबिशें दे रही है।
सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम संसारपुर निवासी भरोसे पुत्र बजरंग व मीरनगर मजरे संसारपुर निवासी नौमीलाल यादव के बीच प्रधानी के चुनाव के बाद से ही रंजिश चली आ रही थी। चुनावी रंजिश के चलते शुक्रवार की शाम सरैंया शारदा नहर चौराहे पर दोनों के बीच शराब के नशे में कहासुनी और गाली-गलौज हुआ था। वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव करके मामला शांत करा दिया था। इसके बाद नौमीलाल अपने गांव पहुंचे और दर्जनभर साथियों को लेकर संसारपुर गांव स्थित भरोसे के घर पर जा पहुंचे।
यहां दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट में एक पक्ष के भरोसे (65) पुत्र बजरंग, मोहन पुत्र भरोसे, प्रमोद पुत्र भोला, परशुराम पुत्र सूबेदार, भोली पत्नी भोला, यदुरई पत्नी भरोसे निवासी संसारपुर गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहला ले जाया गया। जहां से सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान यदुरई की मौत हो गई। सीओ रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि धनीराम पुत्र भरोसे की तहरीर पर घटना के नामजद आरोपी नौमीलाल, हरेश पुत्रगण नत्था, मुकेश व पवन समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। गांव में कई थानों की फोर्स एहतियात के तौर पर तैनात है। घटना के तीन नामजद आरोपी हिरासत में ले लिए गए हैं। शेष आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
