उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में नए कुलपति की नियुक्ति की तैयारी, जानें आवेदन की अंतिम तिथि
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में वर्तमान कुलपति प्रो. ओम प्रकाश सिंह नेगी का तीन साल का कार्यकाल और छह महीने का सेवा विस्तार पूरा हो चुका है। ऐसे में अब छठे कुलपति की नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने विज्ञप्ति भी जारी कर दी है। माना जा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में वर्तमान कुलपति प्रो. ओम प्रकाश सिंह नेगी का तीन साल का कार्यकाल और छह महीने का सेवा विस्तार पूरा हो चुका है। ऐसे में अब छठे कुलपति की नियुक्ति को लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने विज्ञप्ति भी जारी कर दी है। माना जा रहा है कि नई सरकार के गठन के बाद ही विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि 25 मार्च निर्धारित की गई है।
उच्च शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुलपति पद के लिए किसी विश्वविद्यालय में कम से कम 10 वर्ष तक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत होना चाहिए। इसके अलावा प्रतिष्ठित अनुसंधान, शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों का अनुभव होना चाहिए। जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कुलपति का वेतन 210000 होगा। इसके अलावा प्रतिमाह 11250 रुपये भत्ता भी मिलेगा।
बताते चलें कि 2005 में स्थापित उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के पहले कुलपति प्रो. एसएस हसन थे। इसके बाद प्रो. विनय पाठक, प्रो. सुभाष धूलिया, प्रो. नागेश्वर राव और प्रो. ओपीएस नेगी कुलपति बने।
