बलिया: 50 साल पार कर चुके अक्षम पुलिसकर्मियों की होगी छंटनी, मुख्यालय से मांगी गई सूची
बलिया। प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद पुलिस महकमे में 50 वर्ष की उम्र पार वाले अक्षम कर्मियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति की कार्रवाई के क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (स्थापना) के एक पत्र ने महकमे में हलचल मचा दी है। मुख्यालय से ऐसे पुलिसकर्मियों की सूची मांगी गई है। इसमें शारीरिक व मानसिक रूप से …
बलिया। प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद पुलिस महकमे में 50 वर्ष की उम्र पार वाले अक्षम कर्मियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति की कार्रवाई के क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (स्थापना) के एक पत्र ने महकमे में हलचल मचा दी है। मुख्यालय से ऐसे पुलिसकर्मियों की सूची मांगी गई है। इसमें शारीरिक व मानसिक रूप से अक्षम पुलिसकर्मियों के अलावा ऐसे पुलिसकर्मी भी शामिल होंगे जिनका रिकार्ड ठीक न हो या उनकी सत्यनिष्ठा संदिग्ध हो। ऐसे सभी पुलिसकर्मी जबरन रिटायर कर दिए जाएंगे।
इसके लिए अपर पुलिस महानिदेशक स्थापना संजय सिघल द्वारा पत्र जारी कर निर्धारित प्रारूप में आगामी 20 मार्च तक सूची मांगी गई है। उसे स्क्रीनिग कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यालय ने सभी जोन के आइजी व परिक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक समेत पुलिस आयुक्त वाराणसी व कानपुर नगर को इस संबंध में पत्र लिखा है।
उसमें 31 मार्च 2021 को 50 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अक्षम पुलिस कर्मियों की स्क्रीनिग कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में पुलिस मुख्यालय द्वारा 30 नवंबर 2021 तक सूची मांगी गई थी जो कई जनपदों से अब तक प्राप्त नही हुई है। अब दोबारा पत्र जारी किया गया है। जिलों में यह जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। सभी जिलों में सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर पद तक के पुलिसकर्मियों की स्क्रीनिग हो रही है। इसके बाद जो पुलिसकर्मी अक्षम पाए जाएंगे उन्हें अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी जाएगी।
नियमों के अनुसार नियुक्ति प्राधिकारी किसी भी समय किसी सरकारी सेवक को (चाहे वह स्थायी हो या अस्थायी) नोटिस देकर बिना कोई कारण बताए उसके 50 वर्ष की आयु पूरी कर लेने के बाद रिटायर कर सकते हैं। पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने कहा कि मुख्यालय के आदेश के पालन के क्रम में कार्यवाही की जाएगी। पिछली बार यहां कोई पुलिसकर्मी इस श्रेणी में नहीं पाया गया था।
यह भी पढ़ें:-देहरादून से दिल्ली तक मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन तेज, धामी के बाद अब इस नाम ने चौंकाया
