हल्द्वानी: चीरबंधन के साथ मातृशक्ति ग्रुप ने खूब जमाया रंग, नशे के खिलाफ दिया संदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं में होली की समृद्ध परंपरा रही है। रविवार को चीरबंधन के शुभ मुहुर्त के साथ ही रंगों के त्योहार होली का उत्साह चरम पर पहुंच गया। हल्द्वानी के आरके टेंट हाउस रोड स्थित गुरुकुल विहार में मातृशक्ति ग्रुप की ओर से महिलाओं की बैठकी होली का आयोजन किया गया। इस दौरान …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं में होली की समृद्ध परंपरा रही है। रविवार को चीरबंधन के शुभ मुहुर्त के साथ ही रंगों के त्योहार होली का उत्साह चरम पर पहुंच गया। हल्द्वानी के आरके टेंट हाउस रोड स्थित गुरुकुल विहार में मातृशक्ति ग्रुप की ओर से महिलाओं की बैठकी होली का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने ‘सिद्धि को दाता, विघ्न विनाशन, होली खेलें गिरिजापति नंदन’, ‘जल कैसे भरूं यमुना गहरी’ जैसे गीतों से माहौल में रंग भर दिया। महिलाओं ने पहाड़ों में नशे के बढ़ते चलन पर भी चिंता जाहिर की।

होली की मस्ती में झूमती महिलाएं।

इस दौरान रिया फुलारा और हेमा पंतोला ने टीम के साथ नशे के खिलाफ स्वांग रचकर सामाजिक संदेश भी दिया। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को गुजिया, चिप्स, पापड़ और छांछ पिलाकर खूब मस्ती की। कार्यक्रम में कुमाऊंनी पिछोड़ा पहने नन्हीं बच्चियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

महिलाओं ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी।

कार्यक्रम का संचालन कर रहीं सामाजिक कार्यकर्ता और मातृशक्ति ग्रुप की प्रमुख रिया फुलारा ने बताया कि होली की मस्ती के साथ-साथ ग्रुप की महिलाएं सामाजिक हितों और संस्कृति के संवर्धन में भी काम कर रही हैं। उन्होंने समाज के लोगों से नशा रहित और हर्बल होली खेलने का अपील की। इस मौके पर जया कर्नाटक, दीपा कपिल, तारा जोशी, नीलम कफल्टिया, रश्मि सौरारी, नीमा जोशी, मंजू तिवारी, रीना रुपवाल आदि रहे।

होली ग्राउंड में चीर बंधन के दौरान मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह और अन्य।

इधर, श्री रामलीला कमेटी संचालन समिति की ओर से होली ग्राउंड में चीर बंधन (ध्वज स्थापन) किया गया। इस मौके पर नगर मजिस्ट्रेट व कमेटी रिसीवर ऋचा सिंह मौजूद रहीं। कमेटी के पुरोहित गोपाल दास शास्त्री ने पूजन संपंन्न कराया। इसके साथ ही भक्त प्रहलाद की मूर्ति की पूजा भी की गई। पूजन के बाद सभी ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल का टीका लगाकर होली की बधाई दी। इस दौरान विवेक कश्यप, तनुज गुप्ता, अतुल अग्रवाल, मनोज गुप्ता, हितेश पांडे, बसंत अग्रवाल, भवानी शंकर नीरज आदि रहे।

संबंधित समाचार