रुद्रपुर: सफर में युवतियों के मोहपाश में फंसे युवक को जहर देकर लूटा, मौत
रुद्रपुर, अमृत विचार। सफर के दौरान भीमताल निवासी युवक दो अनजान युवतियों के सम्मोहन में फंस गया। युवतियों ने उसको जहरीला पदार्थ खिलाकर सामान लूटा और जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गईं। बाद में युवक की मौत हो गई। जिला अस्पताल में सोमवार की सुबह दो युवतियां एक युवक को छोड़कर फरार हो गईं। …
रुद्रपुर, अमृत विचार। सफर के दौरान भीमताल निवासी युवक दो अनजान युवतियों के सम्मोहन में फंस गया। युवतियों ने उसको जहरीला पदार्थ खिलाकर सामान लूटा और जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गईं। बाद में युवक की मौत हो गई।
जिला अस्पताल में सोमवार की सुबह दो युवतियां एक युवक को छोड़कर फरार हो गईं। युवक बेहोशी की हालत में था। स्टाफ ने उसका इलाज शुरू किया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। तलाशी में युवक की जेब में मोबाइल के अलावा कुछ भी नहीं था।
स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार, युवक को जहरीला पदार्थ खिलाया गया था। मोबाइल से बमुश्किल उसके घर फोन किया गया। तब युवक की शिनाख्त मोहित निवासी पांडे गांव भीमताल के रूप में हुई। दोपहर में मोहित के परिजन भी रुद्रपुर पहुंच गये। परिजनों ने बताया कि मोहित गोवा के एक होटल में काम करता था।
होली की छुट्टियों पर वह घर आ रहा था। रात को उसने दिल्ली से चलने की बात कही थी। अंदाजा लगाया जा रहा है कि रास्ते में जहरखुरान युवतियों ने मोहित को फंसाकर जहरीला पदार्थ खिला दिया और लूटकर जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गईं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अलग-अलग हादसों में दो की मौत
रुद्रपुर। अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं दो लोगों को मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार को हल्द्वानी के देवलचौड़ निवासी 56 वर्षीय भुवन चंद्र गदरपुर अपने किसी रिश्तेदार के यहां गये थे। रात में खाना खाने के बाद वह घर से कुछ दूरी पर टहल रहे था। तभी एक अनियंत्रित ई-रिक्शा चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
जिसमें वह ई-रिक्शा में फंस गये और दूर तक घिसटते चलते। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने भुवन चंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी घटना में रम्पुरा निवासी 40 वर्षीय जागेश्वर का शव काशीपुर रोड के किनारे पड़ा मिला। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
