बनबसा: एनएचपीसी परिसर के आवास में चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार
बनबसा, अमृत विचार। पुलिस ने टनकपुर पावर स्टेशन एनएचपीसी में कार्यरत कर्मचारी के घर में चोरी का खुलासा करते हुए चोरी किये गये स्वर्ण और चांदी के आभूषणों के साथ दो स्थानीय युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया …
बनबसा, अमृत विचार। पुलिस ने टनकपुर पावर स्टेशन एनएचपीसी में कार्यरत कर्मचारी के घर में चोरी का खुलासा करते हुए चोरी किये गये स्वर्ण और चांदी के आभूषणों के साथ दो स्थानीय युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार टनकपुर पावर स्टेशन एनएचपीसी परिसर की आवासीय कालौनी में निवास करने वाले पावर स्टेशन में ही निजी सचिव पद पर कार्यरत प्रवीन कुमार गर्ग 25 फरवरी को पूरे परिवार के साथ अपने पैतृक घर आगरा उत्तर प्रदेश गये हुए थे। इसी दौरान सचिन कुमार उर्फ चीनी निवासी एफ ब्लाक एनएचपीसी कॉलौनी और उसका दोस्त दीपक कुमार निवासी ग्राम फागपुर अक्सर एनएचपीसी परिसर स्थित वृदांवन पार्क में बैठकर शराब सेवन किया करते थे। दोनों पीड़ित प्रवीण गर्ग से भी परिचित थे। इस दौरान सचिन कुमार उर्फ चीनी को प्रवीण गर्ग के सपरिवार उत्तर प्रदेश जाने की जानकारी मिल गई। इसके बाद उन्होंने चोरी की योजना बनाई।
इसके तहत दोनों युवकों दो मार्च को देर रात पीडित प्रवीण गर्ग के घर पहुंचे और योजनावद्व तरीके से पेचकश और प्लास की मदद से जाली वाले दरवाजे को काटकर घर में घुस गये। इसके बाद आरोपियों ने घर में रखी अलमारी की लॉकर तोडकर स्वर्ण और चांदी के आभूषण, सोनी कंपनी का हैंडी कैमरा, मंदिर में रखी गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां, चांदी के सिक्के आदि सामान जिसकी कीमत एक लाख अस्सी हजार रूपये है, पर हाथ साफ किया और फरार हो गये।
बाद में दोनों युवकों ने चोरी के माल को आपस में बांट लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी सचिन कुमार ने पकड़े जाने के डर से चोरी का सामान अपने घर के पीछे खाली प्लाट में मिटृी के नीचे दबाकर रख दिया था। सीओ अविनाश वर्मा ने बताया कि चोरी में शामिल चोरों को पकड़ने के लिए कई टीमें काम कर रही थी। सर्विलांस के आधार और मुखबिरों की सूचना के बाद सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। टीम में थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण, शारदा बैराज चैकी प्रभारी हेमंत कठैत, कांस्टेबल संजय शर्मा, विनोद यादव, अनिल कुमार, नौशाद अहमद, मुस्तफा अंसारी, विनोद जोशी आदि शामिल थे।
