हल्द्वानी: पूर्व दर्जा मंत्री के घर बैंक ने जड़ा ताला, बच्चों संग सड़क पर आई पहली पत्नी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बैंक का लोन अदा न करने पर मंगलवार को बैंक कर्मियों ने पूर्व दर्जा मंत्री के घर में अपना ताला जड़ दिया। पुलिस को घर कब्जे में लेने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। पुलिस की मदद से बैंक कर्मचारी खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए और पूर्व दर्जा मंत्री की पहली पत्नी …

हल्द्वानी, अमृत विचार। बैंक का लोन अदा न करने पर मंगलवार को बैंक कर्मियों ने पूर्व दर्जा मंत्री के घर में अपना ताला जड़ दिया। पुलिस को घर कब्जे में लेने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। पुलिस की मदद से बैंक कर्मचारी खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए और पूर्व दर्जा मंत्री की पहली पत्नी और बच्चों को जबरन बाहर कर दिया। महिला ने बैंक कर्मियों और पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

गौजाजाली बनभूलपुरा में पूर्व दर्जा मंत्री हरीश पाल का घर है। इसमें उनकी पहली पत्नी ममता अपने 17 वर्षीय पुत्र अर्पित व 10 साल की बेटी सलोनी के साथ रहती हैं। ममता की मानें तो उनके पति ने दूसरी शादी करने के बाद उनसे वास्ता खत्म कर दिया। इधर, बैंक अधिकारियों की मानें तो हरीश पाल ने 10 साल पहले घर बनाने के लिए नैनीताल डिस्ट्रिक को-ऑपरेटिव बैंक से 16 लाख रुपये का होम लोन लिया था, लेकिन लोन की किस्तें अदा नहीं कीं।

बैंक द्वारा कई नोटिस जारी करने के बाद भी जब जवाब नहीं मिला तो मंगलवार को बैंक अधिकारी पुलिस के साथ मंत्री के आवास पर जा पहुंचे। अधिकारियों ने घर में मौजूद ममता से दरवाजा खोलने और घर खाली करने को कहा, लेकिन जब वह राजी नहीं हुई तो बैंक अधिकारियों ने पुलिस की मदद से घर की खिड़की हथौड़ों से तोड़ डाली और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद सभी को जबरन घर से बाहर कर बैंक कर्मियों ने अपना ताला ठोंक दिया और घर के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया। ममता ने बैंक अधिकारियों और पुलिस कर्मियों पर उनसे व बेटे से मारपीट करने का आरोप लगाया है।

मंत्री की पत्नी दूसरों के घरों में करती हैं काम
मूलरूप से शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश की रहने वाली ममता ने बताया कि वर्ष 2013 में उनकी शादी हरीश पाल से हुई थी, लेकिन बिना तलाक लिए वर्ष 2002 में हरीश ने बनबसा की रहने वाली ममता से दूसरी शादी कर ली और पहली पत्नी ममता को छोड़ दिया। हालांकि पहली पत्नी हरीश के गौजाजाली स्थित मकान में रह रही थी, जिसे बैंक ने जब्त कर लिया। ममता का कहना है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद हरीश पाल ने उन्हें खर्चा नहीं दिया। उन्हें दूसरे घरों में चौका-बर्तन करके बच्चों का पेट पालना पड़ रहा है।

बहन मर गई, सड़क पर गुजारनी होगी रात
ममता अपने 17 वर्षीय पुत्र और 10 साल की बेटी के साथ सड़क पर आ गईं। उन्होंने बताया कि उनके मायके में बहन के सिवा कोई नहीं था। बड़ी बहन मीरादेवी टनकपुर में रहती थीं। जो हर बुरे वक्त में ममता के साथ खड़ी रहती थीं। उन्होंने बताया कि दो माह पहले उनकी बहन की भी मौत हो गई और अब उनके पास कहीं और जाने का ठिकाना नहीं बचा। शाहजहांपुर में भी अब कोई ऐसा नहीं है, जिससे वह मदद मांग सकें। अब बच्चों के साथ सड़क पर ही रात गुजारनी होगी।

बोली, मकान खाली कराने के लिए नहीं जमा की किस्त
ममता का कहना है कि उनका पति के साथ कोर्ट केस चल रहा है। कोर्ट के आदेश के बावजूद पति ने हर्जाना-खर्चा नहीं दिया और आज उनसे 15 लाख रुपये लेने हैं। ममता ने आरोप लगाया कि पति ने मकान खाली कराने के लिए लोन की किस्तें अदा नहीं कीं और फिर बैंक अधिकारियों के साथ मिलकर मकान खाली करा लिया। उन्होंने कहा कि उनका बेटा 12वीं में है और 28 मार्च से उसके पेपर थे। उन्होंने परीक्षा तक घर में एक कमरे के लिए गुजारिश की थी, लेकिन अधिकारी नहीं माने।

संबंधित समाचार