सीतापुर: एमएलसी चुनाव प्रक्रिया शुरू, पहले दिन बिके नौ पर्चे, 9 अप्रैल को होगा मतदान
सीतापुर। विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद जिले में मंगलवार से एमएलसी चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एमएलसी चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। कलेक्ट्रेट व आसपास पुलिस लगा दी गई। आज नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन नौ उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदा है। डीएम कोर्ट से नामांकन पत्र खरीदें जा रहे …
सीतापुर। विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद जिले में मंगलवार से एमएलसी चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एमएलसी चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। कलेक्ट्रेट व आसपास पुलिस लगा दी गई। आज नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन नौ उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदा है। डीएम कोर्ट से नामांकन पत्र खरीदें जा रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया पांच दिन चलेगी।15 से 19 मार्च तक नामांकन होंगे। पहले दिन नौ उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदें हैं। इनमें समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में अरूणेश कुमार यादव ने नामांकन पत्र खरीदा है।
इसके अलावा अम्बेडकर समाज पार्टी के उम्मीदवार खुशीराम चौधरी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया मार्कसवादी लेनिनवादी लिबरेशन पार्टी से अर्जुन लाल ने पर्चा खरीदा है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार ने पर्चा लिया है। ऑल इंडिया पीपल्स फ्रंट रेडिकल पार्टी से चर्चित समाजसेवी बृज बिहारी ने एमएलसी उम्मीदवार के रूप में पर्चा खरीदा है।
इसी तरह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लालाराम, देवशंकर, महेंद्र कुमार यादव, लाल सिंह यादव ने एमएलसी पद के लिए नामांकन पत्र खरीदा है। आज से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया 19 मार्च तक चलेगी। 21 मार्च को दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच जाएगी। 23 मार्च को नामाकंन पत्र वापस किए जाएंगे। इसी तरह जिले में नौ अप्रैल को मतदान होगा और 12 अप्रैल को मतगणना होगी।
जिले में है 3904 मतदाता
जिले में एमएलसी पद के 3904 मतदाता है। यह लोग अपने मतों का प्रयोग कर एमएलसी चुनेंगे। जिले में चुनाव के लिए 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिले के 19 ब्लाक मुख्यालय के अलावा एक मतदान केंद्र जिला मुख्यालय पर बनाया गया है। एमएलसी का चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस, प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। नामांकन को लेकर पुलिस मुस्तैद रही।
हालांकि लालबाग के पास रूट डायवर्जन से व्यापारी नाराज दिखे। होली पर्व के बीच बाजार में रौनक है। दुकानदारों पर लोगों की भीड़ जमा हो रही है। एमएलसी चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के कारण लालबाग के पास रूट डायवर्जन से कुछ दुकानदारों के यहां खरीददार नहीं पहुंचे, जिसके चलते दुकानदार डायवर्जन से नाराज दिखे।
भाजपा के उम्मीदवार को लेकर कयासों का दौर शुरू
मंगलवार से शुरू हुई एमएलसी चुनाव प्रक्रिया के साथ सबकी निगाहें भाजपा के उम्मीदवार को लेकर टिकी हुई हैं। भाजपा से कौन उम्मीदवार होगा, यह तो पार्टी आला कमान ही तय करेगा, लेकिन चर्चा में कई नाम आ रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि कुंवर दिनकर प्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह, अनिल सिंह, पवन सिंह, सुनील आदि के नाम चर्चा में हैं। लोग कयास लगा रहे हैं, इन लोगों में से कोई भाजपा का एमएलसी उम्मीदवार हो सकता है।
यह भी पढ़ें:-कानपुर: केडीए का गरजा बुलडोजर, 8.75 करोड़ की जमीन हुई कब्जा मुक्त
