पीएमएल-क्यू की सभी राजनीतिक दलों से संयम बरतने की अपील
इस्लामाबाद। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-कायद (पीएमएल-क्यू) के अध्यक्ष चौधरी शुजात हुसैन ने सत्ताधारी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) और विपक्षी दलों से संयम बरतने की अपील करते हुए राष्ट्रीय हित में उनसे डी-चौक पर अपने कार्यक्रमों को रद्द करने का आग्रह किया है। डॉन समाचार पत्र ने बुधवार को अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। अखबार ने …
इस्लामाबाद। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-कायद (पीएमएल-क्यू) के अध्यक्ष चौधरी शुजात हुसैन ने सत्ताधारी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) और विपक्षी दलों से संयम बरतने की अपील करते हुए राष्ट्रीय हित में उनसे डी-चौक पर अपने कार्यक्रमों को रद्द करने का आग्रह किया है।
डॉन समाचार पत्र ने बुधवार को अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। अखबार ने बताया कि पीएमएल-क्यू अध्यक्ष, जिनकी पार्टी केंद्र और पंजाब में पीटीआई की प्रमुख सहयोगी है। उन्होंने टकराव और हिंसा की बढ़ती आशंकाओं के बीच यह अपील की है। रिपोर्ट के अनुसार दोनों पक्षों ने अपने कार्यकर्ताओं का इस्लामाबाद के ऐतिहासिक डी-चौक पर एकजुट होने का आह्वान किया था और प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले सार्वजनिक शक्ति का प्रदर्शन करने की घोषणा की थी।
शुजात ने विशेष रूप से सत्तारूढ़ पीटीआई पर निशाना साधते हुए कहा कि जनसभाएं और रैलियां करना सरकार का काम नहीं है। वहीं, सत्तारूढ़ पीटीआई ने दावा किया है कि विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव के मद्देनजर वह 27 मार्च को प्रधानमंत्री के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए डी-चौक पर 10 लाख लोगों को इकट्ठा करेगी।
पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) ने भी अपने कार्यकर्ताओं और जनता से 23 मार्च को इस्लामाबाद की ओर मार्च शुरू करने का आह्वान किया है। पीडीएम प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान ने हालांकि, मंगलवार को अपनी योजना में बदलाव करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को 24 मार्च की जगह 25 मार्च को राजधानी इस्लामाबाद में प्रवेश करने का निर्देश दिया।
