जसपुर: एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत की जांच को जसपुर पहुंची सीबीसीआईडी टीम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जसपुर, अमृत विचार। एमबीबीएस की छात्रा की छात्रावास में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में उच्च न्यायालय के आदेश पर सीबीसीआईडी की टीम ने जसपुर पहुंच कर जांच की। नगर के मोहल्ला गुजरातियान निकट ठाकुर मंदिर निवासी हरीश कुमार बंसल की पुत्री शिवानी बंसल वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान शोध संस्थान श्रीनगर …

जसपुर, अमृत विचार। एमबीबीएस की छात्रा की छात्रावास में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में उच्च न्यायालय के आदेश पर सीबीसीआईडी की टीम ने जसपुर पहुंच कर जांच की। नगर के मोहल्ला गुजरातियान निकट ठाकुर मंदिर निवासी हरीश कुमार बंसल की पुत्री शिवानी बंसल वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान शोध संस्थान श्रीनगर गढ़वाल, उत्तराखण्ड में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के तीसरे वर्ष के अंत में 25 फरवरी 2018 को कालेज के छात्रावास में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी ।

कालेज प्रशासन ने छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किया जाना दर्शाया था। जबकि उसके परिजन इस बात से सहमत नहीं थे। उन्होंने शिवानी की हत्या किये जाने की आशंका जताई थी और घटना की जांच की मांग की थी । बार-बार शासन-प्रशासन व पुलिस प्रशासन में सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने मई 2018 में उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर इस घटना की जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी। उच्च न्यायालय ने उनकी याचिका पर 16 दिसम्बर 2021 को सीबीसीआईडी से घटना की जांच कराने का आदेश दिया।

इस पर सीबीसीआईडी की टीम जांच करने हेतु जसपुर पहुंची और मृतका शिवानी के घर जाकर उसके परिजनों के बयान दर्ज किए। जांच अधिकारियों ने शिवानी के पिता हरीश कुमार बंसल, माता कामिनी बंसल व भाई शगुन बंसल के बयान लिये। जांच टीम ने इस मामले की करीब आठ घंटे तक गहन जांच की। मृतका के परिजनों जांच टीम को साक्ष्य के रूप में घटना के सम्बन्ध में सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई सूचनाएं आदि कागजात भी सौंपे।

पिता ने जताया आभार
मृतका शिवानी बंसल के परिजनों ने उसकी मौत के रहस्य की जांच करने पहुंची टीम का आभार व्यक्त किया और जांच अधिकारियों से दूध का दूध पानी का पानी कर शिवानी को न्याय दिलाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। शिवानी के पिता ने जांच टीम पर विश्वास जताते हुए शिवानी को न्याय मिलने का विश्वास व्यक्त किया है ।

संबंधित समाचार