अमरोहा: हादसे बाइक सवार की मौत, साथी घायल
अमरोहा/ढवारसी, अमृत विचार। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव …
अमरोहा/ढवारसी, अमृत विचार। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव दमगड़ा निवासी मोहित पुत्र राधेश्याम और राजू पुत्र शोभाराम बाइक पर सवार होकर संभल के गांव गंवा जा रहे थे। जैसे ही वह दढ़ियाल चौकी क्षेत्र के गुरेठा भट्टे के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को रहरा के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही मोहित (21) ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि, राजू की हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक मोहित अपने पिता का इकलौता बेटा था और उसकी पांच बहने हैं। मोहित की पांच माह पहले आदमपुर के गांव खैलिया पट्टी से शादी हुई थी। थानाध्यक्ष कृपाल सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
