हल्द्वानी: रंग लगाने पर भिड़े पड़ोसी, पांच के सिर फटे
हल्द्वानी, अमृत विचार। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़का-लड़की के होली खेलने पर दो पड़ोसियों में जूतम-पैजार हो गई। घर में घुसकर पड़ोसियों ने मारपीट की और कई के सिर फोड़ डाले। घटना बरेली रोड स्थित चौधरी कालोनी की है। एक स्थानीय युवक की मानें तो शनिवार दोपहर कालोनी में रहने वाली 15 साल की …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़का-लड़की के होली खेलने पर दो पड़ोसियों में जूतम-पैजार हो गई। घर में घुसकर पड़ोसियों ने मारपीट की और कई के सिर फोड़ डाले। घटना बरेली रोड स्थित चौधरी कालोनी की है।
एक स्थानीय युवक की मानें तो शनिवार दोपहर कालोनी में रहने वाली 15 साल की लड़की पड़ोस में रहने वाले 20 साल के लड़के के साथ घर से दूर एक मंदिर के पास होली खेल रहे थे। ये नजारा लड़की के घरवालों ने देख लिया। इसके बाद लड़की के परिजनों ने युवक को धुन डाला।
यह बात घर तक पहुंची तो बखेड़ा खड़ा हो गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि लड़की पक्ष के करीब दर्जनभर लोग लड़के के घर में घुस गए और घर में मौजूद पुरुषों और महिलाओं पर हमला बोल दिया।
दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे और लाठी-डंडे चले। इसमें पांच से ज्यादा लोगों के सिर फट गए। सिर फटने के बाद दोनों पक्ष इलाज के लिए बेस अस्पताल पहुंचे। वहीं इस मामले में लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि मामले में किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
