बरेली: पत्नी और दामाद ने ही की थी हरिशंकर की हत्या, गला घोंटने के बाद शव को टांग दिया
बरेली, अमृत विचार। होली वाले दिन यानी शुक्रवार शाम सीबीगंज के पस्तौर गांव के रहने वाले 45 वर्षीय हरि शंकर की हत्या कर दी गई थी। जिसका सोमवार को पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस का यह खुलासा बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस के मुताबिक हरिशंकर की पत्नी नन्हीं देवी ने अपने दामाद शंकर के …
बरेली, अमृत विचार। होली वाले दिन यानी शुक्रवार शाम सीबीगंज के पस्तौर गांव के रहने वाले 45 वर्षीय हरि शंकर की हत्या कर दी गई थी। जिसका सोमवार को पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस का यह खुलासा बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस के मुताबिक हरिशंकर की पत्नी नन्हीं देवी ने अपने दामाद शंकर के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की थी। दोनों ने पहले हरिशंकर का गला घोंटा और बाद में रस्सी की मदद से उसे बांस पर टांग दिया। जिसके बाद दोनों फरार हो गए। पुलिस ने हरिशंकर के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की थी।
क्यों की पत्नी ने हत्या
पुलिस के मुताबिक हरिशंकर की शादी करीब 25 वर्ष पहले नन्हीं देवी से हुई थी। दोनों के 6 बच्चे है। बताया जा रहा है कि हरिशंकर शराब पीने का आदी था। जिसकी वजह से दोनों में आए दिन झगड़ा होता। दो बेटियों की शादी हरिशंकर पहले ही कर चुका था। उसकी पत्नी ने बताया कि हरिशंकर पहले ही गांव की करीब 22 बीघा जमीन बेच चुका था। अब वह जिस घर में नन्हीं देवी का परिवार रह रहा था उसे भी बेचना चाह रहा था। जिसकी वजह से उसने उसकी हत्या कर दी।
नन्हीं देवी का जौहरपुर के रहने वाले मोहित से थे संबंध
पुलिस की जांच पड़ताल में पता चला कि आए दिन घर में होने वाले झगड़ों से नन्हीं देवी परेशान रहती थी। करीब डेढ़ वर्ष पहले जौहरपुर के रहने वाले मोहित से उसकी मुलाकात हुई और दोनों के बीच संबंध बन गए। मोहित से मिलने के बाद वह रुद्रपुर चली गई और वहीं पर नौकरी करने लगी। वह बीच-बीच में अपने बच्चों से मिलने आती थी। अभी होली से चार-पांच दिन पहले ही वह अपने गांव पस्तौर में लौटी थी। जिसके बाद उसने इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
दामाद को भी हरिशंकर ने मारा थप्पड़ इसलिए दिया सास का साथ
बताया जा रहा है कि होली वाले दिन हरिशंकर ने शराब पी रखी थी। जब नन्हीं अपने घर पहुंची तो हरिशंकर और नन्हीं के बीच झगड़ा होने लगा। जिस पर हरिशंकर ने नन्हीं देवी को मारना पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, इन सब में बीच में पड़े अपने दामाद शंकर को भी हरिशंकर ने पीट दिया। जिसके बाद दोनों ने मिलकर इस घटना को अंजाम देने की योजना बना ली। और घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया जब बच्चे पड़ोस में रंग खेलने के लिए गए थे।
ये भी पढ़ें-
बरेली: सपा और भाजपा के एमएलसी प्रत्याशियों ने कराया नामाकंन, दोनों ने ठोंका जीत का दावा
