हल्द्वानी: एक माह में कैसे पूरा होगा रानीबाग-भीमताल मार्ग के पुल का कार्य
हल्द्वानी, अमृत विचार। केंद्रीय सड़क निधि के तहत रानीबाग-भीमताल, पदमपुरी, लोहाघाट, पंचेश्वर मार्ग पर निर्माणाधीन पुल 15 माह में बनकर तैयार नहीं हो सका है। पुल के कार्य की समाप्ति की तिथि अगले माह खत्म हो जाएगी। अभी तक यहां केवल ढांचा ही बनकर तैयार हो सका है। लोनिवि भवाली ने राजमार्ग संख्या 10 में …
हल्द्वानी, अमृत विचार। केंद्रीय सड़क निधि के तहत रानीबाग-भीमताल, पदमपुरी, लोहाघाट, पंचेश्वर मार्ग पर निर्माणाधीन पुल 15 माह में बनकर तैयार नहीं हो सका है। पुल के कार्य की समाप्ति की तिथि अगले माह खत्म हो जाएगी। अभी तक यहां केवल ढांचा ही बनकर तैयार हो सका है।
लोनिवि भवाली ने राजमार्ग संख्या 10 में बने पुराने पुल के समीप 60 मीटर लंबा स्पान-2 लेन ए क्लास लोडिंग स्टील ट्रस पुल के निर्माण का ठेका मैसर्स हिलवेज कंट्रक्शन को दिया। 21 अक्टूबर 2020 को कार्य शुरू हुआ और इसे खत्म करने की तारीख 20 अप्रैल 2022 रखी गई। पुल का निर्माण 717.59 लाख रुपये की लागत से होना है। पूरे 15 माह के बाद भी यहां केवल लोहे का ढांचा खड़ा हो सका है।
वह भी अभी पूरी तरह से तैयार नहीं है और अगले माह अप्रैल में कार्य समाप्ति की तारीख है। एक माह में निर्माण कार्य पूरा होना संभव नहीं लग रहा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य अस्थायी खंड भवाली द्वारा कराया जा रहा है। कार्य की प्रगति रिपोर्ट मंगाई जाएगी। इसके बाद ठेकेदार को जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे।
