बाजपुर: मैं बांग्लादेशी हूं, जेठ-जेठानी भारत छोड़ गए” बोलकर लोगों से मांग रही थी पैसा, फिर हुआ ये….

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। दो छोटे बच्चों के साथ बाजपुर पहुंची महिला ने खुद को बांग्लादेशी बताते हुए काफी देर तक पुलिस प्रशासन एवं इंटेलिजेंस विभाग को उलझाए रखा। हालांकि जांच में महिला भारतीय ही निकली। पुलिस जांच में पता चला कि महिला खुद को कष्ट में बताकर ऐसा सिर्फ रुपये जुटाने के लिए करती है। …

बाजपुर, अमृत विचार। दो छोटे बच्चों के साथ बाजपुर पहुंची महिला ने खुद को बांग्लादेशी बताते हुए काफी देर तक पुलिस प्रशासन एवं इंटेलिजेंस विभाग को उलझाए रखा। हालांकि जांच में महिला भारतीय ही निकली। पुलिस जांच में पता चला कि महिला खुद को कष्ट में बताकर ऐसा सिर्फ रुपये जुटाने के लिए करती है।

नगरपालिका सीमा से सटे ग्राम मुड़िया कलां में छैला शाह मियां की दरगाह पर सोमवार देर शाम को एक महिला दो छोटे बच्चों के साथ पहुंची और स्वयं को बांग्लादेशी होने की जानकारी दी। लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए महिला ने मार्मिक कहानी भी गढ़ दी। बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है और आठ वर्षीय बेटे के दिल में छेद है जिसके चलते वह करीब नौ माह पहले जेठ-जेठानी के साथ बेटे का इलाज कराने भारत आई थी। रायपुर (छत्तीसगढ़) स्थित संजीवनी हॉस्पिटल में बच्चे को दिखाया गया। कहा कि उसके जेठ-जेठानी उसे अस्पताल में छोड़कर चले गए हैं और तभी से वह इधर-उधर भटक रही है।

उसने अपने जेठ-जेठानी पर पति की संपत्ति हड़पने के लालच में उसे भारत में छोड़ जाने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन पुलिस को उसकी बातों पर विश्वास नहीं हुआ जिसके चलते उसे कोतवाली लाया गया। यहां पुन: पूछताछ की गई तो पता चला कि महिला ग्राम उजरई तिलयानी फिरोजाबाद (उप्र) की रहने वाली है और उसका नाम रीता देवी पत्नी छबिनाथ है।

एएसपी काशीपुर चंद्रमोहन सिंह के अनुसार पूछताछ में यह भी सामने आया है कि महिला यह सब अपना व बच्चों का पेट पालने के लिए कर रही थी। खुद को बांग्लादेशी बताते हुए मार्मिक कहानी गढ़ने की वजह से उसे लोगों की दया मिलने लगती है, जो कि आसपास में चंदा करके हजारों की रकम घर लौटने के लिए दे देते हैं और इससे उसके परिवार का पालन-पोषण हो जाता है।

उन्होंने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति भी थोड़ी ठीक नहीं लग रही है। इसके स्वजनों से भी बात हो गई है। वहां की पुलिस से संपर्क साधकर इसे घर छोड़ने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। वहीं, महिला की इस हरकत की वजह से पुलिस के साथ ही इंटेलिजेंस विभाग के लोग कई घंटे तक परेशान होते रहे।

संबंधित समाचार