हल्द्वानी: सेवानिवृत्त अधिकारी महिला मित्र के साथ गाजियाबाद से आये थे नैनीताल घूमने, संदिग्ध हालात में मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। महिला मित्र के साथ नैनीताल घूमने आए सेवानिवृत्त अधिकारी की हल्द्वानी के होटल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, वसुंधरा विहार, गाजियाबाद निवासी महक पाल सिंह (62) हॉर्टिकल्चर विभाग में डिप्टी डायरेक्टर थे और दो साल पहले सेवानिवृत्त हुये थे। बुधवार को वे महिला मित्र के साथ नैनीताल …

हल्द्वानी, अमृत विचार। महिला मित्र के साथ नैनीताल घूमने आए सेवानिवृत्त अधिकारी की हल्द्वानी के होटल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, वसुंधरा विहार, गाजियाबाद निवासी महक पाल सिंह (62) हॉर्टिकल्चर विभाग में डिप्टी डायरेक्टर थे और दो साल पहले सेवानिवृत्त हुये थे।

बुधवार को वे महिला मित्र के साथ नैनीताल घूमने जा रहे थे, लेकिन देर शाम होने पर नैनीताल रोड स्थित एक होटल में ठहर गये। प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली हल्द्वानी हरेंद्र चौधरी ने बताया कि महक पाल ने होटल के कमरे में शराब पी थी, इस बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह बिस्तर पर गिर गए, जिसके बाद महिला मित्र ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

जहां चिकित्सकों ने महक पाल को मृत घोषित कर दिया। उधर, सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने महिला से पूछताछ के बाद घटना की जानकारी महक पाल के परिजनों को दी। गुरुवार सुबह परिजन हल्द्वानी पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

इस मामले में सीओ सिटी बीएस धौनी ने हत्या की आशंका से इंकार करते हुए कहा कि कमरे से शराब की खाली बोतल मिली है। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि ज्यादा शराब पीने की वजह से महक पाल की हार्ट अटैक से मौत हुई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आ सकेगी। महक पाल के परिजनों की ओर से तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।

पिछले साल भी ऐसा ही हुयी थी घटना
हल्द्वानी। विगत वर्ष भी इस तरह की घटना सामने आयी थी। भीमताल निवासी सरकारी अधिकारी हल्द्वानी में रोडवेज स्थित एक होटल में ठहरे थे। उनके साथ उसी विभाग की एक महिला मित्र भी थी। कमरे में दोनों ने शराब का सेवन किया था। पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया था कि शराब पीने के बाद उन्होंने एक दवा खाई थी, जिसके बाद कुछ देर बाद ही उनकी हालत बिगड़ी और अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी।

 

संबंधित समाचार