सड़क हादसे में शिक्षक की मौत, प्रधानाचार्य घायल, बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र लेने जा रहे थे रूद्रपुर
बाजपुर, अमृत विचार। नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में कार सवार राइंका महुवाडाबरा जसपुर में तैनात शिक्षक की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। दोनों बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र लेने रुद्रपुर जा रहे थे। हादसे की सूचना से परिजनों में …
बाजपुर, अमृत विचार। नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में कार सवार राइंका महुवाडाबरा जसपुर में तैनात शिक्षक की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। दोनों बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र लेने रुद्रपुर जा रहे थे। हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
राजकीय इंटर कॉलेज महुवाडाबरा जसपुर में तैनात काशीपुर निवासी सहायक अध्यापक गनपत सिंह (40) पुत्र बलराम सिंह व प्रधानाचार्य अतुल अग्रवाल (54) गुरुवार को कार से रुद्रपुर में बोर्ड परीक्षाओं के सिलसिले में होने वाली बैठक में शिरकत करने व बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र लेने जा रहे थे।
इसी बीच अपराह्न करीब साढ़े 11 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर दोराहा पुलिस चौकी से लगभग तीन किमी दूर जीईटी पॉलीटेक्निक के नजदीक बेकाबू ट्रक चालक ने कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए तथा कार में सवार गनपत व अतुल अग्रवाल केबिन में फंस गए जिन्हें कॉलेज के लोगों व राहगीरों की मदद से बाहर निकालकर तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिक्षक गनपत को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल प्रधानाचार्य अतुल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक की पत्नी अस्पताल में ही गश खाकर गिर पड़ी जिसे महिलाओं ने किसी तरह संभाला। वहीं हादसे ही जानकारी के बाद काफी संख्या में शिक्षक भी अस्पताल पहुंच गए और घटना के बारे में जानकारी हासिल की। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को क्रेन के माध्यम से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु करवाया।
