हल्द्वानी: मुक्त विवि में कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार जारी
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में दस सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा। इस बीच जहां दिन भर विश्वविद्यालय में नारेबाजी चलती रही वहीं अपने काम से आने वाले विद्यार्थियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्हें ना तो किताबें मिल पाई और ना ही उनका …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में दस सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन गुरुवार को भी जारी रहा। इस बीच जहां दिन भर विश्वविद्यालय में नारेबाजी चलती रही वहीं अपने काम से आने वाले विद्यार्थियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
उन्हें ना तो किताबें मिल पाई और ना ही उनका कार्यालय से संबंधित कोई काम हो पाया। इस वजह से विद्यार्थियों में भी नाराज़गी देखी गई। छात्र-छात्राओं ने भी अपनी दिक्कतों को विवि प्रशासन के सामने रखा। विश्वविद्याय की परीक्षाओं का काम भी आंदोलन की वजह से प्रभावित हुआ।
कर्मचारी संगठन का कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बार-बार मांगों को लटकाये जाने से नाराज कर्मचारियों में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक गेट के सामने दिन भर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रशासन की ओर से रजिस्ट्रार पीडी पंत ने धरना स्थल पर आंदोलकारियों से बातचीत करने आए लेकिन कर्मचारी किसी वादे के बजाय मांग पूरी करने की लिखित घोषणा पर अड़े रहे।
कर्मचारियों में इस बात पर भी रोष दिखा कि प्रशासन धरना खत्म होने की अफवाह फैला रहा है। सभा में बोलते हुए कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष राजेश आर्या ने कहा कि मांगें पूरी होने तक उनका धरना और कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। उन्होंने दो दैनिक भोगी कर्मचारियों की बर्खास्तगी को तुरंत वापस लेने समेत विश्वविद्यालय की कार्य परिषद द्वारा पास होने के बावजूद छह कर्मचारियों को नियमित न करने पर सवाल उठाए। आर्या ने कहा कि मांगों के पूरा होने तक वह आंदोलन खत्म नहीं करेंगे।
धरना-प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी संगठन के सचिव राहुल नेगी, शिक्षक संघ महासचिव राजेंद्र कैड़ा, सुनीता भास्कर, कंचन बिष्ट, रंजना जोशी, कमला राठौर, छाया देवी, लीला बेलवाल, दीपिका रैकवाल, दिव्या गौड़, मोहन बवाड़ी, पंकज बिष्ट, योगेश मिश्रा, चारू जोशी, हर्षवर्धन लोहनी, उमेश खनवाल, मोहन पांडे आदि मौजूद रहे।
आरएम ऑफिस में उतरांचल परिवहन मजदूर संघ का धरना आज
हल्द्वानी। रोडवेज के काठगोदाम परिक्षेत्र में मंडलीय प्रबंधक, एआरएम वित्त, एजीएम विधि सहित अन्य अधिकारियों के पद लंबे समय से खाली चल रहे हैं। बसों के संचालन के लिहाज से अहम मंडल होने के बावजूद निगम प्रबंधन द्वारा अधिकारियों की तैनाती नहीं की जा रही है।
इस मामले में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ से जुड़े मंडल के कर्मचारी शुक्रवार को काठगोदाम स्थित मंडलीय कार्यालय में एक दिनी धरना देने के साथ ही प्रदर्शन करेंगे। क्षेत्रीय मंत्री ललित पांडे और हल्द्वानी शाखा अध्यक्ष नवनीत कपिल ने बताया कि अधिकारी न होने से मंडल में संचालन, प्रमोशन सहित अन्य नीतिगत कार्य प्रभावित हैं। पहले प्रबंधन चुनाव की आचार संहिता लागू होने की बात कहकर मामले को टाला जा रहा था। अब आचार संहिता हटने के बाद भी अधिकारियों की तैनाती नहीं की जा रही है।
