योगी सरकार में सहारनपुर मंडल से इस बार फिर बने तीन मंत्री

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में नवगठित योगी आदित्यनाथ सरकार में इस बार भी सहारनपुर मंडल से तीन मंत्रियों को स्थान मिला है। उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष और सहारनपुर के रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव आजमपुर निवासी जसवंत सैनी को राज्यमंत्री बनाया गया है। वह अभी किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। उनके अलावा …

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में नवगठित योगी आदित्यनाथ सरकार में इस बार भी सहारनपुर मंडल से तीन मंत्रियों को स्थान मिला है। उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष और सहारनपुर के रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव आजमपुर निवासी जसवंत सैनी को राज्यमंत्री बनाया गया है। वह अभी किसी सदन के सदस्य नहीं हैं।

उनके अलावा सहारनपुर जिले की देवबंद सीट से दूसरी बार विधायक चुने गए कुंवर बृजेश रावत को भी राज्यमंत्री बनाया गया है। वहीं, मुजफ्फरनगर की शहरी सीट से दोबारा विधायक चुने गए कपिल देव अग्रवाल को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। वह पिछली सरकार में भी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार थे। इस तरह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल में भी सहारनपुर मंडल से तीन मंत्रियों को स्थान मिला है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की पिछली सरकार में भी सहारनपुर मंडल से तीन ही मंत्री थे। इस बार भाजपा ने सहारनपुर मंडल की कुल 16 में से 7 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार के चुनाव में मंडल के शामली जिले की थाना भवन सीट से प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा चुनाव हार गए थे। उनके अलावा पिछली सरकार में सहारनपुर की नकुड़ सीट के विधायक डा. धर्मसिंह सैनी योगी सरकार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार थे, लेकिन इस चुनाव से पहले ही वह पाला बदलकर सपा से चुनाव लड़े और भाजपा उम्मीदवार मुकेश चौधरी से पराजित भी हो गये।

दूसरी बार राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बने मुजफ्फरनगर के कपिल देव अग्रवाल तीसरी बार विधायक बने हैं। वह मुजफ्फरनगर पालिका के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मुस्लिम बहुल देवबंद सीट से दूसरी बार भाजपा विधायक बने कुंवर बृजेश सिंह क्षेत्र में पार्टी के युवा नेता हैं। चुनाव समीक्षकों के मुताबिक इन तीनों के मंत्री बनने का लाभ भाजपा को 2024 के लोक सभा चुनाव में मिल सकता है।

यह भी पढ़ें:-उन्नाव: बच्चों से भरी स्कूल वैन गड्ढे में गिरी, हादसे में 18 बच्चों समेत 2 शिक्षिकायें हुईं घायल

संबंधित समाचार