बागेश्वर: प्लास्टिक कचरा लाओ, सेहत के लिए फल ले जाओ
बागेश्वर, अमृत विचार। जनपद को साफ व स्वच्छ बनाने के अपने जनून के लिए पहचाने जाने वाले व्यवसायी भूपेंद्र बबलू जोशी इस बार फिर अपने अनोखे कारनामे के लिए सुर्खियों में छाए हैं। उन्होंने घोषणा कर दी है कि जो कोई उनके पास प्लास्टिक बोतल या रेपर लाएगा उसको उसके बदले में सेहत बढ़ाने के …
बागेश्वर, अमृत विचार। जनपद को साफ व स्वच्छ बनाने के अपने जनून के लिए पहचाने जाने वाले व्यवसायी भूपेंद्र बबलू जोशी इस बार फिर अपने अनोखे कारनामे के लिए सुर्खियों में छाए हैं। उन्होंने घोषणा कर दी है कि जो कोई उनके पास प्लास्टिक बोतल या रेपर लाएगा उसको उसके बदले में सेहत बढ़ाने के लिए फल दिए जाएंगे। उनकी इस पहल का विभिन्न संगठनों ने स्वागत किया है।

जनपद में लंबे समय से प्लास्टिक एक समस्या बनी हुई है। नगर समेत आसपास के धार्मिक स्थल नीलेश्वर आदि स्थानों में प्लास्टिक का कचरा नगर की छवि बिगाड़ रहा है। व्यवसायी भूपेंद्र जोशी ने कुछ साल पूर्व भागीरथी बचाओ अभियान की अलख जगाई थी तथा उसकी सफाई के लिए लोगों को प्रेरित किया था।
इधर इस बार भूपेंद्र जोशी ने एक नई पहल प्रारंभ की है। उन्होंने बताया कि इस बार उन्होंने तय किया है कि जो कोई उन्हें पानी, कोल्ड डिंक या चिप्स आदि के रेपर देगा उसे वे अपनी दुकान से फल देंगे। इसके लिए लाने वाले व्यक्ति को साफ करके प्लास्टिक का कचरा लाना होगा तुरंत उसे वे अनार या अंगूर दे देंगे।
उनका कहना है कि जहां प्लास्टिक प्रदूषण को बड़ा रहा है वहीं फल खाने से व्यक्ति की सेहत बनती है। बताया कि उनका यह अभियान शहर को साफ व स्वच्छ बनाने के लिए जारी रहेगा यदि इसमें जनता का सहयोग मिला तो वे इसके लिए जनता को प्रोत्साहित करने के लिए और अधिक कार्य करेंगे। इधर व्यवसायी की इस पहल का विभिन्न संगठनों ने स्वागत किया है।
