काशीपुर: सभासद की पत्नी की प्रसव के बाद मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लिए बयान
काशीपुर, अमृत विचार। छह दिन पहले ठाकुरद्वारा के एक सभासद की पत्नी की प्रसव के बाद मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। इस दौरान टीम को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराई गई। 19 मार्च की देर रात ठाकुरद्वारा मुरादाबाद यूपी के सभासद जुनेद आलम ने अपनी …
काशीपुर, अमृत विचार। छह दिन पहले ठाकुरद्वारा के एक सभासद की पत्नी की प्रसव के बाद मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। इस दौरान टीम को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराई गई।
19 मार्च की देर रात ठाकुरद्वारा मुरादाबाद यूपी के सभासद जुनेद आलम ने अपनी पत्नी साबिया नाज को प्रसव पीड़ा होने पर मुरादाबाद रोड स्थित एक निजीअस्पताल में भर्ती कराया था। जहां प्रसव के लिए उनकी पत्नी का ऑपरेशन से प्रसव किया गया। इस दौरान शिशु तो स्वस्थ रहा, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने पर इलाज के दौरान उनकी पत्नी साबिया नाज की मौत हो गई।
सूचना पर ठाकुरद्वारा विधायक नवाब जान समर्थकों व परिजनों के साथ अस्पताल पहुंच गए। जहां परिजनों ने महिला डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा काटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर बमुश्किल शांत कराया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव वापस घर ले गए थे। मामले में मृतका के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से निष्पक्ष जांच कर आरोपी महिला डॉक्टर के खिलाफ कार्यवाही की मांग की थी।
शनिवार को शिकायत पर गठित जांच टीम एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय पहुंची। जहां टीम ने मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए। इस दौरान मृतका के पति जुनैद आलम ने मोबाइल पर महिला डॉक्टर के साथ हुई वार्तालाप की रिकॉर्डिंग व सीसीटीवी फुटेज भी जांच टीम को उपलब्ध कराए। मृतका के पति जुनैद आलम ने कहा कि महिला डॉक्टर ने सामान्य प्रसव करने की बात कही, लेकिन बाद में ऑपरेशन करने के लिए कहा और पेपर पर उनके सहमति हस्ताक्षर करवा लिए। ऑपरेशन के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होता रहा।
आरोप लगाया कि महिला डॉक्टर अपने मोबाइल पर ही व्यस्त रही और उनकी पत्नी के इलाज में लापरवाही बरती गई। उन्होंने जसपुर सरकारी अस्पताल में महिला डॉक्टर रहते हुए निजी चिकित्सालय में प्रैक्टिस करने का भी आरोप लगाया।
जांच टीम अधिकारी सीएमएस डॉ. कैमाश राणा ने बताया कि जिले में शिकायत करने पर संयुक्त निदेशक स्तर से अस्पताल सर्जन डॉ. हरीश पंत, निश्चेतक डॉ. मदन मोहन, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अल्पना मिश्रा, वह स्वयं आदि का पैनल जांच के लिए बनाया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायत कर्ता के बयान दर्ज किए गए हैं। दूसरे पक्ष के बयान दो दिन बाद दर्ज किए जाएंगे। जांच रिपोर्ट शीघ्र ही सीएमओ को सौंप दी जाएगी।
