काशीपुर: किसान के बेटे आकाश ने नागालैंड में झटका स्वर्ण, 8 किमी की दौड़ 25:58 मिनट में की पूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अरुण कुमार, अमृत विचार, काशीपुर। नागालैंड में साउथ एशियन एवं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में किसान के पुत्र राष्ट्रीय धावक आकाश पटेल ने 8 किलोमीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। आकाश जून में होने वाली अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। शनिवार को कोहिमा नागालैंड …

अरुण कुमार, अमृत विचार, काशीपुर। नागालैंड में साउथ एशियन एवं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में किसान के पुत्र राष्ट्रीय धावक आकाश पटेल ने 8 किलोमीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। आकाश जून में होने वाली अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए कड़ा अभ्यास कर रहे हैं।

शनिवार को कोहिमा नागालैंड में एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से साउथ एशियन एवं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। जिसमें देश के अलावा एशियाई देशों के सौ से अधिक धावकों ने प्रतिभाग किया। काशीपुर साई सेंटर के धावक आकाश पटेल ने 20 आयु वर्ग में प्रतिभाग कर यूपी और 18 आयु वर्ग में प्रभु महतो ने 6 किमी की दौड़ में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। आकाश ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर 8 किमी की दौड़ 25:58 मिनट में पूरी कर स्वर्ण पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जबकि प्रभु 8वां स्थान ही हासिल कर सके।

आकाश ने बताया कि वह मूल रूप से बनारस के रहने वाले हैं। वर्ष 2017 से साई सेंटर काशीपुर में कोच चंदन सिंह नेगी के संरक्षण में एथलीट का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस दौरान उत्तर-प्रदेश व उत्तराखंड में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण सहित 21 पदक जीत कर चुके हैं। जून में होने वाली अंतरराष्ट्रीय एथलीट चैंपियनशिप के लिए स्टेडियम में प्रतिदिन 4 घंटे अभ्यास कर रहे हैं। आकाश ने बताया कि बनारस से 12वीं की पढ़ाई चल रही है। पिता रामजी पटेल खेती करते हैं। बहन का विवाह हो चुका है। छोटा भाई भी पढ़ाई करता है। बनारस में स्कूल खेलों में खेलते समय एथलेटिक्स में भविष्य संवारने की ठानी है। अपने कठिन अभ्यास के दम और कोच नेगी के सहयोग से प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किए। जिससे उत्साहित होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। उनकी तमन्ना भविष्य में मिल्खा सिंह जैसा धावक बनने की है।

वहीं प्रभु हरिद्वार के रहने वाले हैं। कुछ समय पूर्व वह राज्य स्तर पर रजत पदक प्राप्त कर चुके हैं। प्रभु वर्ष 2021 से साई काशीपुर में कोच सीएस नेगी से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। साई केंद्र प्रभारी ज्योति शाह, एथलीट कोच सीएस नेगी, ओमप्रकाश, मोहम्मद रफी, निर्मला पंत, विजेंद्र चौधरी, सरफराज चौधरी, आदि ने उन्हें बधाई दी।

तीस से अधिक धावक राष्ट्रीय स्तर पर लहरा चुके हैं परचम
साई सेंटर काशीपुर में कोच सीएस नेगी वर्ष 2002 से धावकों को एथलीट का प्रशिक्षण दे रहे हैं। महिला वर्ग में अनिता, गोविंदी, पूजा, सृष्टि संधू, अंजू, संगीता, फरहत उस्मान, नुजहत, लक्ष्मी, राजेंद्र कौर, पायल, शिवानी, मोनिका और पुरुष वर्ग में प्रदीप चौधरी, मुकेश, अभिषेक यादव, कुलदीप, परम सिंह, अंकुश, दिवाकर देवास, सूरज यादव, हरप्रीत सिंह, अनमोल, आकाश पटेल, साहिल, निपेंद्र, आजाद, मोहन सैनी, विमल चौधरी, मोहम्मद रफी, लोकेश अधिकारी, रजत कार्की आदि धावक अब तक प्रशिक्षण प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल कर विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

संबंधित समाचार