हल्द्वानी: झीलों में होने वाली व्यावसायिक गतिविधियां विकास प्रधिकरण के दायरे में
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण नैनीताल की 16वीं बोर्ड की बैठक सर्किट हाउस काठगोदाम में आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस दौरान तमाम प्रस्तावों पर चर्चा की गई। कुमाऊं कमिश्नर के निर्देश पर भवाली में मल्टीस्टोरी पार्किंग कम बहुउददेशीय भवन के भूमि हस्तांतरण, कोश्याकुटौली तहसील में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण …
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण नैनीताल की 16वीं बोर्ड की बैठक सर्किट हाउस काठगोदाम में आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस दौरान तमाम प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
कुमाऊं कमिश्नर के निर्देश पर भवाली में मल्टीस्टोरी पार्किंग कम बहुउददेशीय भवन के भूमि हस्तांतरण, कोश्याकुटौली तहसील में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण और कमर्शियल शॉप निर्माण के स्थान पर पेट्रोल पंप निर्माण की स्वीकृति पर बात हुई। इसके साथ ही ग्राम चनैती में रेस्टोरेंट भवन का मानचित्र स्वीकृत करने, मल्लीताल में एकल आवासीय भवन, सीएमओ कार्यालय के भवन का मानचित्र, वर्ल्ड आर्य कला केंद्र के जीर्णशीर्ण भवन के पुर्ननिर्माण, ग्राम करायत में आईओसीएल के पेट्रोल पंप, नैनीझील से 30 मीटर परिधि में निर्मित वैध भवनों की मरम्मत की जानकारी कुमाऊं कमिश्नर को संबधित अधिकारियों ने दी।
नौकुचियाताल में एयरेशन सिस्टम के संचालन एवं रखरखाव की स्वीकृति के साथ ही झीलों में चलाई जाने वाली विभिन्न गतिविधियों का अधिकार प्राधिकरण को दिये जाने पर चर्चा हुई। इसके बाद झील के आसपास राजस्व की भूमि में पार्किंग स्थलों का निर्माण कर बोर्ड के आय के स्रोतों मे बढ़ावा दिये जाने के अतिरिक्त झीलों मे कामर्शियल गतिविधियों के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के साथ ही भीमताल टापू में एक्वारियम कम काफी हाउस से चार बोटों के संचालन सम्बन्धी विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा की गई। बैठक में आयुक्त ने प्राधिकरण के अधिकारियों को पुर्ननिर्माण संबधी कामों का स्थलीय निरीक्षण करने को कहा।
प्राधिकरण ने वर्ष 2021-22 का वास्तविक व्यय और वर्ष 2022-23 का प्रस्तावित बजट के आय व्यय का विवरण दिया। इस दौरान माउंटवैली फाउंडेशन सोसाइटी द्वारा हरित पट्टी क्षेत्रों में निर्माण किये जाने वाली यूर्निवसीटी मे विशेष रूप से रोजगारपरक योजनाओं जिनमें फार्मेसी, इंजीनियरिंग, लॉ, नर्सिंग, पैरामेडिकल, आयुर्वेदा, होटल मैंनेजमैंट और योगा जैसे विषयों को लेकर प्रथम फेस में कार्य करने के निर्देश सोसाइटी के परियोजना प्रबंधक को दिये।
बैठक में उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण नरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी अशोक जोशी, नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, सिटी मजिस्टेट ऋचा सिंह,अधिशासी अभियंता पेयजल निगम एके कटारिया, कोषाधिकारी हेम कांडपाल, सीएफओ डीएलडीए पूजा नेगी आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
