बरेली: अज्ञात बदमाशों ने तमंचे के बल पर परिवार को बंधक बनाकर डाली डकैती, पीड़ित बोले- पुलिस ने खुद तहरीर लिखवाकर चोरी का मुकदमा दर्ज किया
बरेली, अमृत विचार। यूपी बरेली के क्योलड़िया में करीब सात अज्ञात बदमाशों ने पशु व्यापारी के घर पर डकैती डाली। परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बनाया और कनपटी पर तमंचा और बांका रखकर घर से लाखों की नकदी और सोना, चांदी लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में केवल …
बरेली, अमृत विचार। यूपी बरेली के क्योलड़िया में करीब सात अज्ञात बदमाशों ने पशु व्यापारी के घर पर डकैती डाली। परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बनाया और कनपटी पर तमंचा और बांका रखकर घर से लाखों की नकदी और सोना, चांदी लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में केवल चोरी की एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि डकैती नहीं पड़ी थी कुछ चोर घर में घुसकर चोरी करके ले गए थे। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट भी चोरी की लिखी है।
सात लोग आए थे…सभी के पास बांका और तमंचे थे
दरअसल, क्योलड़िया के बाबा कॉलोनी के रहने वाले कल्लू अपने पिता छुट्टन के साथ पशु बेचने खरीदने का कारोबार करते है। रविवार की रात कल्लू अपने पिता, दो बच्चों और भांजे के साथ घर में थे। उन्होंने बताया कि रात करीब 1:30 बजे सात लोग नकाब पहनकर उनके घर में अचानक से घुस गए। सभी के पास तमंचे और बांके थे। उन्होंने जबरन तमंचे और बांके के बल पर पहले परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बनाया और बाद में घर खंगालने लगे। कल्लू के मुताबिक डकैतों ने घर में रखा करीब 14 तोला सोना, चार लाख रुपए नकदी और करीब आधा किलो चांदी लेकर फरार हो गए।
शोर मचाने पर दी गर्दन उड़ाने की धमकी
कल्लू के मुताबिक, बदमाशों ने उनके और उनके भांजे के सिर पर तमंचा और बांका तान दिया। कहा कि अगर किसी ने भी शोर मचाया तो उसकी गर्दन उड़ा देंगे। डरे सहमें सभी लोग बंधक बने पड़े रहे। इस बीच उन्होंने पूरा घर खंगाल डाला। साथ ही तोड़-फोड़ भी की। जब बदमाश घर से चले गए तो उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई। जिसके बाद आस-पड़ोस के लोगों ने आकर उन्हें खोला।
पुलिस ने खुद लिखवाई तहरीर
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले घटना स्थल का मुआइना किया। बाद में थाने में पहुंचकर खुद बोल-बोलकर तहरीर लिखवाई। हैरत की बात है कि लाखों की डकैती के बाद भी पुलिस ने केवल 15 हजार रुपए और कुछ जेबर ले जाने की बात तहरीर में लिखवाई है। जिसके बाद उसी के आधार पर चोरी की धाराओं में ही मुकदमा दर्ज कर लिया।
सीढ़ी लगाकर चढ़े थे बदमाश
कल्लू के मकान में घुसने के लिए बदमाशों ने मकान के पीछे सीढ़ी का इस्तेमाल किया। बदमाशों ने घर के पीछे से सीढ़ी लगाई और छत पर चढ़कर घर में उतर गए। जिसके बाद परिवार को बंधक बना लिया। जाते समय बदमाश सीढ़ी को मौके पर ही पड़ा छोड़ गए।
घर के बाहर और भी बदमाश होने की संभावना
कल्लू के पिता छुट्टन का कहना है कि घर में तो सात बदमाश ही घुसे थे। मगर घर के बाहर कितने थे इस बात की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। हालांकि उन्होंने घर के बाहर भी और बदमाशों के होने की आशंका जताई है।
फिलहाल मुझे केवल चोरी की ही जानकारी है। जिसमें करीब 15 हजार रुपए और जेबर जाने की बात सामने आई है। डकैती के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।- राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात
इसे भी पढ़ें-
बरेली: निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, सुबह से ही शुरू हो गया प्रदर्शन
