अयोध्या: डीएम-एसएसपी ने प्रश्न पत्र, कक्षा, कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
अयोध्या। बलिया जिले से 12वीं के अंग्रेजी का पेपर आउट होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने भी सुध ली। जीआईसी स्थित प्रश्न पत्र कक्ष व जनपदीय कंट्रोल रूम का जिलाधिकारी नितीश कुमार व एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रश्न पत्र कक्ष के निरीक्षण के दौरान कक्ष में रखे गये प्रश्न पत्रों …
अयोध्या। बलिया जिले से 12वीं के अंग्रेजी का पेपर आउट होने के बाद स्थानीय प्रशासन ने भी सुध ली। जीआईसी स्थित प्रश्न पत्र कक्ष व जनपदीय कंट्रोल रूम का जिलाधिकारी नितीश कुमार व एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने प्रश्न पत्र कक्ष के निरीक्षण के दौरान कक्ष में रखे गये प्रश्न पत्रों के समस्त पैकेटों के रख रखाव की स्थिति का गहनता से अवलोकन किया। इसके उपरांत विद्यालय में नकल विहीन परीक्षा सम्पन्न कराने हेतु स्थापित सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया गया, जिसमें सभी कैमरे क्रियाशील स्थिति में पाये गये। इसके उपरांत जिलाधिकारी व एसएसपी ने जनपदीय नियंत्रण कक्ष का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को जनपद के 122 परीक्षा केन्द्रों पर संचालित प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के समस्त कक्षों पर सीसीटीवी के माध्यम से सतर्क दृष्टि/निगरानी रखने के निर्देश दिये।
किसी भी परीक्षा केन्द्र अथवा परीक्षा कक्ष पर किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों, नकल के प्रयोग की प्रवृत्ति/संभावना प्रतीत होने पर तत्काल संबंधित अधिकारी को अवगत कराने व प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिये। नितीश कुमार ने कहा कि जनपद में संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को शुचितापूर्ण, नकलविहीन, गुणवत्तापूर्ण व विश्वसनीयता के साथ सम्पन्न कराने हेतु सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह से कटिबद्व है। उन्होंने समस्त परीक्षा प्रभारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, डीआईओएस, जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्टेटों को अपने-अपने सम्बंधित परीक्षा केन्द्रों का नियमित निरीक्षण व पर्यवेक्षण करने के लिए निर्देशित किया।
पढ़ें-राजस्थान: महिला चिकित्सक आत्महत्या मामले में भाजपा का प्रदेश सचिव गिरफ्तार
