मुरादाबाद : जिलाधिकारी ने किया बोर्ड परीक्षा मॉनीटरिंग सेल व कंट्रोल रूम का निरीक्षण
मुरादाबाद, अमृत विचार। पेपर लीक मामले में 24 जिलों में जिला विद्यालय निरीक्षकों पर कारवाई और परीक्षा रद होने को देखते हुए गुरूवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड परीक्षा के मॉनीटरिंग सेल और कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा की शुचिता और …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पेपर लीक मामले में 24 जिलों में जिला विद्यालय निरीक्षकों पर कारवाई और परीक्षा रद होने को देखते हुए गुरूवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड परीक्षा के मॉनीटरिंग सेल और कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी। कहा कि किसी भी तरह की चूक कार्रवाई का कारण बनेगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरूण कुमार दुबे ने कंट्रोल रूम की प्रक्रिया और निगरानी को लेकर बरती जा रही सावधानी की जानकारी जिलाधिकारी को दी। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बोर्ड परीक्षा में पारदर्शिता और शुचिता के लिए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हो रही परीक्षा में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार के साथ निरीक्षण में जिलाधिकारी ने मॉनीटरिंग सेल में पहुंचकर केन्द्रों पर हो रही परीक्षाओं की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से की। उन्होंने कहा कि परीक्षा का माहौल खराब करने, नकल कराने का प्रयास करने वाले किसी भी असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में विभागीय स्तर पर छह सचल दलों को तैनात किया गया है।
जिलाधिकारी ने इसके अलावा मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज, चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, आरएन इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में चल रही बोर्ड परीक्षा का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरूण कुमार दुबे के अलावा बोर्ड परीक्षा कंट्रोल रूम नोडल अधिकारी रमाकान्त वर्मा, रवींद्र चौहान, बोर्ड परीक्षा कंन्ट्रोल रूम प्रभारी जनपदीय मॉनीटरिंग सेल, बविता महरोत्रा, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कालेज रतनपुर कलां सहित अन्य उपस्थित रहे। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष के आखिरी दिन कोषागार का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने मुख्य कोषाधिकारी व अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
