बदायूं: महिला अस्पताल में बच्चे की मौत, हंगामा
बदायूं, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में गुरुवार दोपहर प्रसव में मृत बच्चे को जन्म दिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। प्रसूता के मोहल्ले के तमाम लोग अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और पीड़ित पक्ष की ओर से सीएमओ को …
बदायूं, अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में गुरुवार दोपहर प्रसव में मृत बच्चे को जन्म दिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। प्रसूता के मोहल्ले के तमाम लोग अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और पीड़ित पक्ष की ओर से सीएमओ को प्रार्थना पत्र दिलवाकर जांच कराए जाने के आश्वासन के बाद मामला शांत हो सका।
जिला महिला अस्पताल में गुरुवार दोपहर शहर के मोहल्ला खंडसारी निवासी नईम पुत्र इसराइल की पत्नी अरशी ने पुत्र को जन्म दिया था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार बच्चा मृत पैदा हुआ था। प्रसूता के मृत बच्चे पैदा होने की जानकारी जब लोगों को हुई तो लोगों ने हंगामा करने लगे। पीड़ित पक्ष के लोग नर्स और डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बच्चे को मार डालने का आरोप लगा रहे थे।
महिला को नशा दिए जाने के नाम पर नर्स पर पैसा लेने का आरोप लगाया। हंगामा के दौरान पीड़ित के मोहल्ले के लोग और रिश्तेदार भी आ गए। ड्यूटी पर तैनात होमगार्डों ने पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाया कि वह किसी प्रकार कानून हाथ में न लें। पीड़ित नईम की ओर से सीएमओ को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की बात कही। पुलिस के समझाने के बाद हंगामा कर रहे लोग मान गये। हंगामा करीब एक घंटे तक चला।
इधर, सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय ने बताया कि उन्होंने जांच के निर्देश दे दिए हैं। इसके अलावा खुद भी मामले को देखेंगे। ताकि निष्पक्षता बरकरार रहे।
ये भी पढ़ें-
बरेली: मां बोली- मेरी बेटी को भगाकर बेच दिया, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
