राजस्थान की हवाओं ने उत्तराखंड में तोड़ा गर्मी का रिकॉर्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मार्च में पिछले करीब 15 दिनों से अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। इस वजह से मार्च में ही लोगों को मई की गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इसका बड़ा कारण राजस्थान से आ रही सूखी और गर्म हवाएं हैं। उत्तराखंड में पहाड़ हो या …

हल्द्वानी, अमृत विचार। मार्च में पिछले करीब 15 दिनों से अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा चल रहा है। इस वजह से मार्च में ही लोगों को मई की गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इसका बड़ा कारण राजस्थान से आ रही सूखी और गर्म हवाएं हैं।

उत्तराखंड में पहाड़ हो या मैदान सभी जगह अधिकतम तापमान सामान्य से पांच से छह डिग्री ज्यादा चल रहा है। पहाड़ भी समय से पहले ही तपने लगे हैं तो वहीं मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं चल रहीं हैं। गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय उत्तर भारत में राजस्थान की ओर से सूखी और गर्म हवाएं आ रहीं हैं। इस वजह से तापमान बढ़ रहा है। साथ ही 15 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ है। अरब सागर से उठने वाला पश्चिमी विक्षोभ अपने साथ बारिश और नम हवाओं को लेकर आता है। जिस वजह से तापमान में कमी रहती है। 15 फरवरी से पहले रिकॉर्ड तोड़ पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए थे। जिस वजह से इस बार असमान्य ठंड पड़ी थी। हालांकि बाद में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होना बंद हो गया है। 15 फरवरी से अभी तक सामान्य तौर पर सात पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाते हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगर राजस्थान की जगह बंगाल की ओर से हवाएं आतीं तब तापमान में इतनी बढ़ोत्तरी नहीं रहती। वह हवाएं नम होती हैं।

अप्रैल के पहले सप्ताह तक नहीं कोई राहत
सात अप्रैल तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। बल्कि तापमान में और भी ज्यादा बढ़ोत्तरी होती रहेगी। हवाओं का रूख बदलने या फिर बारिश होने पर ही लोगों को गर्मी से निजात मिलेगी। फिलहाल लोगों को गर्मी से जूझना होगा।

गर्मी ने तोड़ा पांच साल का रिकॉर्ड
हल्द्वानी में गर्मी ने पिछले पांच साल रिकॉर्ड तोड़ दिया है। साल 2017 में मार्च में इतनी गर्मी पड़ी थी। तब 31 मार्च को अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस चला गया था। कोरोना काल में साल 2020 में मार्च काफी ठंडा रहा था। तब 25 मार्च को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री ही पहुंचा था। इस बार अधिकतम तापमान 36 डिग्री को छू चुका है। गुरुवार को हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 35.6 और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री रहा है।

गर्मी से फिलहाल कोई राहत नहीं मिलेगी। राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाएं बढ़ रही गर्मी का प्रमुख कारण हैं। अप्रैल के पहले सप्ताह तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं। अभी तापमान में और भी ज्यादा बढ़ोत्तरी होगी। – डॉ. आरके सिंह, मौसम विज्ञानी, जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय, नैनीताल

संबंधित समाचार