अयोध्या: खेतों में शॉर्ट-सर्किट से लगी आग, फसल जलकर हुई राख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांव के खेतों में शॉर्ट-सर्किट से लगी भीषण आग से कई किसानों की लगभग 25 बीघा गेहूं की तैयार खड़ी फसल जलकर राख हो गई है। अग्निकांड की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के सहयोग से खेतों में लगी आग को …

अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांव के खेतों में शॉर्ट-सर्किट से लगी भीषण आग से कई किसानों की लगभग 25 बीघा गेहूं की तैयार खड़ी फसल जलकर राख हो गई है। अग्निकांड की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के सहयोग से खेतों में लगी आग को बुझाया।

खंडासा थाना क्षेत्र के कोटडीह गांव में गेहूं के खेत में अचानक शार्ट सर्किट से सोमवार को दोपहर करीब 1 बजे आग लग गई। खड़ी फसल के बीच से आग की लपटें और धुआं देख ग्रामीण मौके पर भागे और घटना की जानकारी खंडासा पुलिस सहित फायर ब्रिगेड मिल्कीपुर टीम को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड कर्मी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इस अग्निकांड में राजकुमार पासी, नत्थू पासी, रामनरेश पासी, सुरेश पासी व दो अन्य लोगों की लगभग 20 बीघा से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इसके अलावा इनायत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हैरिंग्टनगंज चौकी क्षेत्र के सराय मजरा गांव में आबादी से दूर स्थित बाग के बगल परमेश्वर दीन के गेहूं के खेत में सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई।

मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अग्निकांड की जानकारी फायर ब्रिगेड व स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के सहयोग से आग को बुझा लिया। हालांकि जब तक आग बुझाई जाती तब तक परमेश्वर दीन की लगभग डेढ़ बीघे गेहूं की खड़ी फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें-अपराध में दोष सिद्धि का प्रमाण मजबूत होने पर ही देश में कानून-व्यवस्था बहाल करना संभव: अमित शाह

संबंधित समाचार