बरेली: बोर्ड परीक्षा देने आई 18 वर्षीय युवती की हत्या कर शव पानी में फेंका, गले पर वार कर उतारा मौत के घाट
बरेली, अमृत विचार। यूपी के बरेली में बोर्ड परीक्षा देने आई एक युवती की उसी के गांव में मंगलवार की रात हत्या कर शव खेत में पानी भरे एक गड्डे में फेंक दिया गया। उसके गले पर किसी नुकीली चीज से तावड़तोड़ वार किए गए है। गांव वालों ने जब बुधवार सुबह उसका शव देखा …
बरेली, अमृत विचार। यूपी के बरेली में बोर्ड परीक्षा देने आई एक युवती की उसी के गांव में मंगलवार की रात हत्या कर शव खेत में पानी भरे एक गड्डे में फेंक दिया गया। उसके गले पर किसी नुकीली चीज से तावड़तोड़ वार किए गए है। गांव वालों ने जब बुधवार सुबह उसका शव देखा तो पुलिस को सूचित किया। आनन फानन में पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक शव के पैर पानी में थे जबकि उसका धड़ जमीन पर पड़ा हुआ था। मृतका की शिनाख्त शिवानी के रुप में हुई है।

दिल्ली से बोर्ड परीक्षा देने आई थी शिवानी
दरअसल, मृतका शिवानी मूल रूप से भमोरा थाना क्षेत्र के कुड्डा गांव की रहने वाली है। बीते कई महीनों से वह अपने पिता श्यामवीर और मां सतोष के साथ दिल्ली में रह रही थी। वहां, पर उसके परिजन मेहनत मजदूरी करके परिवार की गुजर बसर कर रहे है। जबकि उनका मूल निवास कुड्डा गांव में ही है। पुलिस के मुताबिक शिवानी इन दिनों दिल्ली से अपनी 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने आई थी। वह अपनी बुआ के यहां रह रही थी। बुआ के घर से कुछ ही दूरी पर उसका खुद का भी घर है। इसलिए वह अपने और बुआ दोनों घरों में रहती थी।
रात अपने बाबा को खाना देने गई थी
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि शिवानी मंगलवार की रात अपने दादा को खाना देने गई थी। उसके दादा परिवार से अलग रहते है। इसलिए वह मंगलवार रात को उन्हें खाना देने गई थी। दादा सिपट्टर सिंह ने बताया कि वह रात को खाना देने आई और फिर बोली बाबा में अभी आ रही हूं, फोन पर दोस्त से बात कर रही हूं। फोन पर बात करते-करते वह चली गई। मगर घर भी नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने उसे काफी देर रात तक तलाश मगर उसका कुछ पता नहीं चला।
बाबा के घर से महज 300 मीटर दूरी पर ही था शव
शिवानी का शव सुबह खेत में करीब 15-20 मीटर स्क्वायर फीट के गड्डे में मिला था। जिसमें काफी पानी भरा हुआ था। हैरत की बात है कि उसका शव जिस जगह मिला वो जगह बाबा के घर से महज 300 मीटर दूरी पर ही थी। पुलिस के मुताबिक शव की हालत देखने से लगता है कि उसका शव हत्या करने के बाद वहां पर फेंका गया है। ऐसे में पुलिस अब सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।
युवती को फोन भी गायब
परिजनों के मुताबिक रात में शिवानी अपने घर वापस जाते वक्त फोन पर बात कर रही थी। मगर जिस फोन से वह बात कर रही थी वह भी बॉडी के पास से नहीं मिला है। पुलिस अब उस फोन की तलाश में है। फोन से यह पता लग सकेगा कि वह उस समय किससे बात कर रही थी।
वर्जन::
भमोरा थाना के कुड्डा गांव में एक 18 वषी्रय युवती का शव पानी भरे एक गड्डे में मिला है। उसके गले पर किसी नुकीली चीज से वार किए गए है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर केस का अनावरण किया जाएगा।
— रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी बरेली।
ये भी पढ़ें-
बरेली: साईं मंदिर में चोरों की सेंधमारी, दानपात्र लेकर हुए फरार
