संभल: चोरी का विरोध करने पर युवक को गोली मारी, घायल
संभल, अमृत विचार। जिले में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। धनारी थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात मकान में घुसे चोरों ने लूट का विरोध करने पर मकानस्वामी को गोली मार दी। घायल का मुरादाबाद में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इस …
संभल, अमृत विचार। जिले में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। धनारी थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात मकान में घुसे चोरों ने लूट का विरोध करने पर मकानस्वामी को गोली मार दी। घायल का मुरादाबाद में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इस घटना से पहले चोर गांव के ही एक और घर को अपना निशाना बना चुके थे।
दिनौरा गांव निवासी धर्मपाल अपने गांव और आसपास इलाके में मजदूरी करके अपने परिवार को भरण-पोषण करता है। परिजनों के अनुसार बुधवार रात रोजाना की तरह परिवार के सभी लोगों ने खाना खाया। इसके बाद सभी लोग आंगन में सो गए। इसी रात करीब एक बजे दो चोर घर में दाखिल हो गए। उनमें से एक कमरे में घुसकर बक्से खंगालने लगा, जबकि दूसरा आंगन में खड़ा रहा।
आहट होने पर धर्मपाल की नींद खुली तो उसने शोर मचाते हुए आंगन में खड़े चोर को पीछे से दबोच लिया। शोर सुनकर अंदर मौजूद चोर बाहर आया और उसने अपने साथी को बचाने के लिए धर्मपाल के ऊपर फायर झोंक दिया। गोली धर्मपाल के पेट में लगी और वह घायल गया। इसके बाद चोर मौके से फरार हो गए। रोने की चीखने की आवाज सुनकर धर्मपाल के परिजन और ग्रामीण आ गए। रात में ही पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। चोरों द्वारा युवक को गाली मारने की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने घायल को बहजोई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए भिजवाया। जहां से बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों अनुसार युवक को गोली मारने से पूर्व चोरों ने गांव के सोमवीर सिंह के घर को भी निशाना बनाया था। यहां से बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवर समेत 24 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली थी। अगली सुबह मकानस्वामी को घर के बाहर मिले बक्से मिलने के बाद घटना की जानकारी हुई।
दिनौरा गांव में चोरी का विरोध करने पर चोरों ने युवक को गोली मार दी। घायल युवक का हायर सेंटर में इलाज चल रहा है। वहीं घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। -विद्युत गोयल, प्रभारी निरीक्षक धनारी
