जसपुर: दो युवकों पर शादी का झांसा दे शारीरिक संबंध बनाने का आरोप
जसपुर, अमृत विचार। अलग-अलग मामलों में दो युवतियों ने युवकों पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने शादी का दबाव बनाने पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए शादी से इंकार करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है । पुलिस ने दोनों …
जसपुर, अमृत विचार। अलग-अलग मामलों में दो युवतियों ने युवकों पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने शादी का दबाव बनाने पर जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए शादी से इंकार करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है । पुलिस ने दोनों मामलों में दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
समीपवर्ती नगर पंचायत निवासी एक युवती ने कहा कि क्षेत्र के ही एक गांव के युवक को वह 8 दिसंबर 2018 से जानती थी, युवक ने शादी का भरोसा दिला कर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और जब उसने शादी करने के लिए कहा तो युवक ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए शादी करने से मना कर दिया।
उसने कानूनी कार्रवाई करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। उधर नगर की एक कालोनी निवासी युवती ने कोतवाली में दी अपनी तहरीर में कहा है कि नगर के एक मोहल्ले के युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब भी वह शादी के लिए उससे कहती तो वह टाल देता था। जब वह शादी का प्रस्ताव लेकर युवक की मां के पास गई तो उसने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज कर शादी से इंकार कर दिया और युवक ने कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए घर से बाहर निकाल दिया।
कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि एक युवती की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 376 , 504 , 506 आईपीसी व एससी-एसटी एक्ट तथा दूसरी युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धारा 376, 323 व 506 आईपीसी व एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी गई है ।
