उत्तराखंड: रामनवमी और महानवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, कन्या पूजन के साथ लगे जय श्रीराम के जयकारे
हल्द्वानी/देहरादून। आज का दिन अद्भुत संयोग लेकर आया है। एक तरफ भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी को लेकर हर्ष और उल्लास दिखा तो वहीं मां दुर्गा के पावन नवरात्रों के नौंवे दिन पर कन्या पूजन को लेकर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। एक तरफ ” या देवी सर्वभूतेषु मातृरूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:” …
हल्द्वानी/देहरादून। आज का दिन अद्भुत संयोग लेकर आया है। एक तरफ भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी को लेकर हर्ष और उल्लास दिखा तो वहीं मां दुर्गा के पावन नवरात्रों के नौंवे दिन पर कन्या पूजन को लेकर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। एक तरफ ” या देवी सर्वभूतेषु मातृरूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:” तो दूसरी तरफ “भए प्रगट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी, हरषित महतारी मुनि मन हारी अद्भुत रूप बिचारी” के जाप से माहौल मां दुर्गा और श्री राम की भक्ति से सराबोर हो गया।

हल्द्वानी के देवी मंदिरों की बात करें तो शीतलाहाट देवी मंदिर, मां अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर समेत प्राचीन श्री राम मंदिर, कालीचौड़ देवी मंदिर, कालूसिद्ध मंदिर समेत शहर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा।
इधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनकी पत्नी गीता धामी ने रविवार को चैत्र नवरात्रि की नवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान से कन्या-पूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्व के कल्याण एवं शांति के लिए ‘सर्वे भवंतु सुखिन:’ की भावना से नौ दुर्गा की प्रतीक नौ कन्याओं को भोजन कराया। मुख्यमंत्री ने आदि शक्ति भगवती के उपासना पर्व नवरात्रि की भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

चैत्र नवरात्रि के महानवमी के बाद कन्या पूजन और पूर्णाहूति आज ही भक्ति और श्रद्धा के साथ की गई। चैत्र नवरात्रि को लेकर उपासकों ने नौ दिनों के उपवास के बाद हवन के साथ मां दुर्गा से अपनी मनोकामना पूर्ण होने की कामना की। मां दुर्गे की आराधना को लेकर कन्या पूजन में भी उल्लास देखा गया। चैत्र मास की प्रतिपदा के दिन से शुरू हुआ नवरात्र नवमी के दिन सिद्धिदात्री के पूजन के साथ सफल होता है। साथ ही भगवान राम का जन्मदिवस यानि रामनवमी को लेकर भी श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। सदाचार के प्रतीक मर्यादा पुरूषोत्तम राम ने आज ही के दिन शुक्ल पक्ष की नवमी को राजा दशरथ के घर जन्म लिया था। इसी के चलते इस दिन हर घर में भगवान श्री राम की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।

हल्द्वानी के प्राचीन श्री राममंदिर में भी आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। यहां पंडित विवेक शर्मा के निर्देशन में सुंदरकांड के साथ 51 थालियों से पूरे विधि विधान के साथ श्रद्धालु आरती में शामिल हुए। जिसके बाद बर्फी, फल और पंचामृत का प्रसाद वितरित किया गया। वहीं सारथी परिवार की ओर से आवास विकास में नवीन पंत के आवास पर हवन और कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूजा पंत, अंजू पंत, लक्ष्मी देवी, हंसी देवी, देवा, मालती आर्या, लता गुप्ता, हेमा पाठक, प्रियांशी जोशी, कनिका पांडे, नेहा, नम्रता, वैष्णवी, भूमिका, ज्योति,देवा, कपिल, विवेक आदि रहे।
