रायबरेली: लेखपाल के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, नाले के ऊपर बनवा लिया था शौचालय
रायबरेली। प्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद प्रशासन लगातार अवैध कब्जों व अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला रहा है। रविवार को राजस्व विभाग के लेखपाल के अवैध निर्माण को बुलडोजर द्वारा ध्वस्त करके प्रशासन ने कड़ा संदेश दिया है। मामला जिले के बछरावां का है। बछरावां महाराजगंज रोड पर सैयद बाबा मोड़ के …
रायबरेली। प्रदेश में नई सरकार के गठन के बाद प्रशासन लगातार अवैध कब्जों व अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला रहा है। रविवार को राजस्व विभाग के लेखपाल के अवैध निर्माण को बुलडोजर द्वारा ध्वस्त करके प्रशासन ने कड़ा संदेश दिया है। मामला जिले के बछरावां का है। बछरावां महाराजगंज रोड पर सैयद बाबा मोड़ के पास अवैध रूप से एक लेखपाल ने नाले के ऊपर शौचालय निर्माण करा लिया था। जिसे प्रशासन ने रविवार को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया है।
शिवगढ़ ब्लॉक में तैनात लेखपाल रामसमुझ ने बछरावां महाराजगंज रोड पर सैयद बाबा मोड़ के पास स्थित अपने मकान के सामने अवैध तरीके से नाले के ऊपर शौचालय बनवा दिया था। जिससे क्षेत्रीय लोगों में जल निकासी की समस्या को लेकर आक्रोश व्याप्त हो गया था। मामले की सूचना कस्बावासियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को दी थी।
हल्का लेखपाल के कहने के बाद भी अवैध निर्माण को नाले के ऊपर नहीं हटाया गया था। उसके बाद अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए रविवार दोपहर अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला कर ध्वस्त कर दिया है। लेखपाल द्वारा किए गए अवैध निर्माण के ढहाए जाने से भू-माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। हल्का लेखपाल राकेश यादव ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर अवैध निर्माण को हटाए जाने के संबंध में बातचीत की गई थी। निर्माण न हटाए जाने की दशा में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को हटा दिया गया है।
