उन्नाव: ट्रैक्टर की चपेट में आकर किशोर समेत दो की मौत, मचा कोहराम
उन्नाव। जिले के दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में ट्रैक्टर के पहिए किशोर समेत दो लोगों के लिए काल साबित हुए। आसीवन थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर पर सवार मजदूर ही ब्रेकर पार करते समय पहिए तले आ गया। जबकि माखी थाना क्षेत्र में ननिहाल आए साइकिल सवार किशोर टक्कर लगने के बाद हादसे का शिकार …
उन्नाव। जिले के दो अलग अलग थाना क्षेत्रों में ट्रैक्टर के पहिए किशोर समेत दो लोगों के लिए काल साबित हुए। आसीवन थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर पर सवार मजदूर ही ब्रेकर पार करते समय पहिए तले आ गया। जबकि माखी थाना क्षेत्र में ननिहाल आए साइकिल सवार किशोर टक्कर लगने के बाद हादसे का शिकार हुआ। दोनों ही मामलों में पुलिस ने चालकों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर ट्रैक्टर कब्जे में ले लिए है।
पहली घटना: गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के सन्नी सरांय के मजरे नयाखेड़ा की रहने वाली सीमा पत्नी श्याम बाबू अपने बच्चों शिवा (14) व सीमांशु (11) के साथ अपने मायके माखी थाना क्षेत्र के कोटरिहा गांव आयी थी। रविवार सुबह शिवा साइकिल से दुकान जा रहा था इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर लगने से वह उसके पहियों तले आ गया। हादसे में घटना स्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गयी।
हादसे को अंजाम देकर भाग रहे ट्रैक्टर चालक रोहित पुत्र बेसई निवासी रामनगर थाना कोतवाली सदर को ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दबोच लिया। आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने भिम्मेश्वर-सरोसी मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर माखी थाना पुलिस व पावा चैकी प्रभारी द्विवेदी पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन बात न बनती देख उन्होंने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर ने परिजनों को किसी तरह समझा बुझा कर मामला शांत कराया। तब जाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दूसरी घटना: औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रजना खेड़ा निवासी सत्यपाल रैदास (33) पुत्र स्व. बाबूलाल रैदास अपने परिवार का इकलौता वारिस था। सत्यपाल अपनी मां शांति के साथ रहता था। वह ईट भट्ठा पर ट्रैक्टर ट्राली चलाने वाले महेश यादव के पास मजदूरी करता था। शनिवार की रात 9 बजे ट्रैक्टर चालक महेश यादव मजदूर शत्रुघ्न, चंद्रपाल, प्रिंस तथा सत्य पाल को ईट भट्ठा से अपने ट्रैक्टर में बैठा कर घर आ रहा था।
डाला खेड़ा के निकट सड़क पर बने ब्रेकर से टैक्टर गुजरने के दौरान उस पर बैठा सत्यपाल अचानक नीचे गिर कर पहियों के नीचे आ गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान जसकरन ने ट्रैक्टर चालक के तहरीर दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसीवन थाना प्रभारी अनुराग सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर कब्जे में लेते हुए चालक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: बस्ती पुलिस को मिली बड़ी सफलता, नकली नोट के साथ दो जालसाजों को किया गिरफ्तार
