रामपुर : दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद आग में जिंदा जल गया चालक, दूसरे ने भागकर बचाई अपनी जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। नेशनल हाइवे स्थित आगापुर बाइपास पर रविवार को तीन ट्रकों की टक्कर के बाद भीषण आग में दो ट्रक जलकर राख हो गए थे। इन ट्रकों के बीच राजस्थान का एक चालक भी जिंदा जल गया। दूसरे ट्रक के चालकों ने कूदकर जान बचाई थी, जोकि झुलस गए थे। पुलिस ने रविवार …

रामपुर, अमृत विचार। नेशनल हाइवे स्थित आगापुर बाइपास पर रविवार को तीन ट्रकों की टक्कर के बाद भीषण आग में दो ट्रक जलकर राख हो गए थे। इन ट्रकों के बीच राजस्थान का एक चालक भी जिंदा जल गया। दूसरे ट्रक के चालकों ने कूदकर जान बचाई थी, जोकि झुलस गए थे। पुलिस ने रविवार की देर रात जले हुए ट्रकों के मलवे से ट्रक चालक का कंकाल बरामद किया, इसके बाद हादसे में मौत का खुलासा हुआ। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं मृतक के परिजन भी पहुंच गए हैं।

नेशनल हाइवे स्थित आगापुर बाइपास पर रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे दो ट्रकों की आमने सामने भिड़ंत हो गईं थी। दोनों के बीच टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि हादसे के बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई थी। दोनों ट्रकों की टक्कर के साथ ही पीछे से आ रहा तीसरा ट्रक भी घुस गया था। आग लगने के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई थी। जानकारी मिलने के बाद फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंचकर आग चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।

आग बुझ जाने के बाद पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो पता चला कि ड्राइवर की सीट पर जो व्यक्ति बैठा था वह जिंदा जल गया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इसकी पहचान बाद में राजस्थान के जिला टोंक थाना पीपूल मोहल्ला मोहनी निवासी सीताराम के रूप में हुई। वह ट्रक ड्राइवर था। पुलिस ने उसके कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा दूसरे ट्रक में बांस लेकर असम से दिल्ली जा रहे जिला सीतापुर के थाना मिताली के गांव परशेरा के रहने वाला जनार्दन उसमें फंस जाने के कारण जल गया।

उसने किसी तरह से कूदकर जान बचाई, जबकि इसका चालक जिला लखीमपुर के हरिहरपुर निवासी राजन शुक्ला ने अपनी जान बचाने के बाद हेल्पर जनार्दन की जान बचाई। जबकि लोहे से भरे सामान का ट्रक चालक कमलदीप भी घायल हो गया था। इस ट्रक को हाइड्रा की मदद से जलते ट्रकों से अलग करके बचा लिया गया था। सिविल लाइन इंस्पेक्टर लव सिरोही ने बताया कि जले हुए ट्रकों में राजस्थान के चालक का कंकाल मिला है, परिजनों को सूचना देकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई है।

चार दमकलों ने तीन घंटे में आग पर पाया काबू
हाइवे पर रविवार को दो ट्रकों की भिड़ंत हो जाने के बाद भीषण आग लग गई थी। जिसके बाद हाइवे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया था। सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए थे। करीब तीन घंटे के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। इस दौरान चार दमकल वाहनों का उपयोग किया गया। उसके बाद कहीं जाकर कर्मचारियों ने राहत की सांस ली थी।

रात दो बजे हाइवे पर यातायात किया गया सुचारू
रविवार शाम को हाइवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो जाने के बाद आग लग गई थी। जिसके बाद आनन-फानन में पुलिस ने रुट डायर्वट करते हुए शहर के अदंर से निकालना शुरुकर दिया था। आग बुझ जाने के बाद पुलिस ने किसी तरह से मलवे और ट्रक को एक किनारे लगवाया। उसके बाद करीब दो बजे फिर से वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। सिंगल वे होने के कारण वाहन धीरे-धीरे करके वहां से गुजर रहे थे।

आग की लपटों में नहीं सुनाई दी सीताराम की चीखें
हाइवे पर हुए भंयकर हादसे के बाद दो ट्रकों में आग लग गई थी। आगे का केबिन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण सीताराम उसमे ही फंस गया था। वह अपनी जान बचाने के लिए चिल्लाता रहा। लेकिन आग की लपटें उठने के कारण किसी को उसकी चीख सुनाई नहीं दी। वह आग में पूरी तरह जलने के बाद कंकाल बन गया।

संबंधित समाचार