हल्द्वानी: 33 दिन बाद वैली ब्रिज पर दौड़े वाहन, राहगीरों के साथ पर्यटकों को मिली राहत
हल्द्वानी,अमृत विचार। 33 दिन के इंतजार के बाद काठगोदाम में 48 मीटर लंबे वैली ब्रिज पर छोटे वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। इससे पहले कार चलवाकर ट्रायल लिया गया। काठगोदाम पुलिस चौकी के पास कलसिया नाले के ऊपर दाहिनी ओर (हल्द्वानी से नैनीताल जाते वक्त की दिशा) का पुल कमजोर हो गया था। …
हल्द्वानी,अमृत विचार। 33 दिन के इंतजार के बाद काठगोदाम में 48 मीटर लंबे वैली ब्रिज पर छोटे वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। इससे पहले कार चलवाकर ट्रायल लिया गया।
काठगोदाम पुलिस चौकी के पास कलसिया नाले के ऊपर दाहिनी ओर (हल्द्वानी से नैनीताल जाते वक्त की दिशा) का पुल कमजोर हो गया था। कार्यदायी संस्था एनएच के जेई विवेक कुमार ने बताया कि 10 मार्च से पुल को तोड़ना शुरू कर दिया था, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। उसके बाद 22 मार्च को जिलाधिकारी धीराज गर्ब्याल के निर्देश पर एनएच ने ज्योलीकोट के पास वीर भट्टी के वैली ब्रिज को काठगोदाम लाने का काम शुरू किया। 33 दिन तक बंद रहे इस ब्रिज को करीब 23 लाख रुपये की लागत से 20 से 25 मजदूरों द्वारा शिफ्ट करने में 21 दिन लगे।
भारी वाहनों की फिलहाल नो-एंट्री
वैली ब्रिज पर आवागमन चालू होने के बाद जाम की समस्या से निजात मिलेगी लेकिन अभी इस ब्रिज पर भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री रहेगी। जेई विवेक कुमार ने बताया कि पुल अभी तैयार हुआ और आंशिक काम बाकी है। इसलिए छोटे वाहनों को तो प्रवेश दिया जा रहा है लेकिन भारी वाहनों को फिलहाल ब्रिज से गुजरने पर रोक लगायी गयी है। इसके लिए चेतावनी बोर्ड भी लगा दिया गया है।
18 अप्रैल को खुलना है कलसिया पुल का टेंडर
कलसिया पुल के निर्माण के लिए 18 अप्रैल को टेंडर खोला जाना है। एई एमबी थापा ने बताया कि पुल निर्माण के लिए इस साल यह टेंडर दूसरी बार डाला गया है। पहली बार डाले गये टेंडर को 30 मार्च को खोला गया था। उस वक्त एक भी ठेकेदार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। सरिया, सीमेंट आदि सामग्रियों पर दाम बढ़ने के कारण ऐसा हुआ था।
