हल्द्वानी: इसी माह हटेगा रेलवे भूमि से अतिक्रमण, रेलवे बताएगा तिथि : DM

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला प्रशासन ने रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए योजना बना ली है। प्रशासन का दावा है कि अतिक्रमण इसी माह हटाया जाएगा हालांकि, तिथि रेलवे तय करेगा। बुधवार को डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि …

हल्द्वानी, अमृत विचार। जिला प्रशासन ने रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए योजना बना ली है। प्रशासन का दावा है कि अतिक्रमण इसी माह हटाया जाएगा हालांकि, तिथि रेलवे तय करेगा।

बुधवार को डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि रेलवे ने अतिक्रमण हटाने के लिए एक्शन प्लान सौंपा है। इस प्लान के अनुसार 30 दिनों में करीब 29 एकड़ भूमि से 4,365 पक्के अवैध निर्माण हटाये जायेंगे। डीएम ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए फोर्स और मजिस्ट्रेट का आकलन कर लिया है।

इसी माह अतिक्रमण हटाना जायेगा। लेकिन, अभी इसकी तिथि तय नहीं हुई है। अतिक्रमण हटाने की तिथि रेलवे तय करेगा। जब रेलवे अधिकारी अतिक्रमण हटाने के लिए मदद मांगें, उन्हें पुलिस-प्रशासन की मदद दी जायेगी।

रेलवे को पांच दिन पहले बताना होगा, ताकि फोर्स को बुलाया जा सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन तो शांति व्यवस्था बनाने के लिए मदद करेगा। बाकी अतिक्रमण तोड़ना, अवैध निर्माण चिह्नित करना और कौना से भवन तोड़ने हैं, सब रेलवे ही तय करेगा।

29 एकड़ रेलवे भूमि पर हैं

4,365 पक्के अवैध निर्माण

30 दिन में हटाया जायेगा अतिक्रमण

5 दिन पहले रेलवे प्रशासन को बतायेगा

अतिक्रमण हटाने से पूर्व होगा प्रचार-प्रसार

जिला प्रशासन अतिक्रमण ध्वस्तीकरण से पूर्व चिह्नित इलाकों में प्रचार प्रसार किया जाएगा ताकि अतिक्रमणकारी स्वयं ही अतिक्रमण हटा लें और अतिक्रमण हटाओ अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हो।

रेलवे करेगा फोर्स व कर्मचारियों का इंतजाम

डीएम गर्ब्याल ने बताया कि रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाओ अभियान में लगने वाले कर्मचारियों, फोर्स के ठहरने व खाने पीने का इंतजाम रेलवे को करना होगा। फोर्स आने के बाद न्यूनतम पांच दिन तैयारियों में लगेंगे। इस दौरान खर्च रेलवे वहन करेगा। इस मौके पर एसएसपी पंकज भट्ट, एडीएम अशोक जोशी,  एमएनए पंकज उपाध्याय, रेलवे प्रतिनिधि वीके सिंह, आरपीएफ एएससी प्रमोद कुमार, सिटी मजिस्टेट ऋचा सिंह, एसडीएम मनीष सिंह, राहुल साह, पीएमजीएसवाई ईई केएस बिष्ट, जल संस्थान ईई एसके श्रीवास्तव, लोनिवि ईई अशोक कुमार आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार