Pakistan Political Crisis : अमेरिका ने इमरान के खिलाफ किसी साजिश से फिर किया इनकार
वाशिंगटन/इस्लामाबाद। अमेरिकी सरकार ने शुक्रवार को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार गिराने के आरोपों को एक बार फिर खारिज करते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता के बयान से सहमत है। ‘जियो न्यूज’ के अनुसार एक दिन पहले इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशन्स (आईएसपीआर) के महानिदेशक मेजर जनरल बाबर …
वाशिंगटन/इस्लामाबाद। अमेरिकी सरकार ने शुक्रवार को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सरकार गिराने के आरोपों को एक बार फिर खारिज करते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता के बयान से सहमत है।
‘जियो न्यूज’ के अनुसार एक दिन पहले इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशन्स (आईएसपीआर) के महानिदेशक मेजर जनरल बाबर इफ्तेखार ने कहा कि पिछले महीने राष्ट्रीय सुरक्षा समिति (एनएससी) की बैठक के बाद जारी बयान में “साजिश” शब्द इस्तेमाल नहीं हुआ था। सेना के प्रवक्ता ने कहा कि वह यह नहीं बता सकते कि बैठक में क्या चर्चा हुई थी, लेकिन “साजिश” शब्द का इस्तेमाल नहीं हुआ था।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान ने दावा किया था कि अमेरिकी सरकार उन्हें सत्ता से हटाने के लिए विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन कर रही है। पिछले हफ्ते शनिवार को अविश्वास प्रस्ताव के मतदान में हारने वाले खान ने 27 मार्च की जनसभा में भी एक ‘धमकी पत्र’ लहराते हुए कहा था कि अमेरिकी सरकार ने उनकी सरकार को धमकी दी है और विपक्ष सत्ता पलट की विदेशी साजिश में शामिल है।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा, “इस मुद्दे पर हमारा संदेश साफ और एकरूप है कि इन आरोपों में कोई सत्य नहीं है। हम मानवाधिकार के सम्मान सहित संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को शांतिपूर्ण तरीके से बनाए रखने का समर्थन करते हैं।” उन्होंने कहा, “हम पाकिस्तान या दुनिया में कहीं भी एक राजनीतिक दल को दूसरे के ऊपर तरजीह नहीं देते। हम कानून के शासन और न्याय जैसे सिद्धांतों का समर्थन करते हैं।”
प्राइस ने कहा कि वह आईएसपीआर महानिदेशक मेजर जनरल बाबर इफ्तिखार के संवाददाता सम्मेलन के बयान से सहमत हैं जिसमें उन्होंने विदेशी साजिश से इनकार किया था। शहबाज शरीफ ने सोमवार को पाकिस्तान के 23वें प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ ली।
अविश्वास प्रस्ताव के जरिए पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ अध्यक्ष इमरान खान को हटाए जाने के बाद पाकिस्तान मुस्लिम लीग -नवाज के शरीफ को प्रधानमंत्री के रूप में चुना गया। अमेरिकी विदेश विभाग ने शरीफ को बधाई देते हुए कहा, “अमेरिका नवनिर्वाचित पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को बधाई देता है और हम पाकिस्तान की सरकार के साथ अपने लंबे समय से चले आ रहे सहयोग को जारी रखने के लिए तत्पर हैं।”
ये भी पढ़ें:- Pakistan Political Crisis : शहबाज शरीफ अपने मंत्रिमंडल के गठन में ले सकते हैं कुछ वक्त
