नैनीताल: बीडी पांडे अस्पताल में शुरू हुई सीटी स्कैन की सुविधा, वर्चुअल शुभारंभ
नैनीताल,अमृत विचार। बीडी पांडे अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन की सुविधा शुरू हो गई है। शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से यहां सीटी स्कैन यूनिट का उद्घाटन किया। जबकि नैनीताल में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा व डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने सीटी स्कैन कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन …
नैनीताल,अमृत विचार। बीडी पांडे अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन की सुविधा शुरू हो गई है। शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से यहां सीटी स्कैन यूनिट का उद्घाटन किया। जबकि नैनीताल में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा व डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने सीटी स्कैन कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया। डॉक्टर्स फॉर यू संस्था के सहयोग से इस यूनिट को स्थापित किया गया है।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। छह माह के भीतर जिला अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात करना उनका लक्ष्य है। पीएचसी व सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाएं ठीक की जाएंगी। पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर व हरिद्वार के मेडिकल कॉलेजों का निर्माण चल रहा है, जहां दो साल के अंदर पढ़ाई शुरू हो जाएगी। इससे राज्य में डॉक्टरों की कमी नहीं रहेगी। वहीं, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. तृप्ति बहुगुणा ने कहा कि सीटी स्कैन यूनिट शुरू होने से पर्वतीय क्षेत्र के मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी।
डीएम धीराज गर्ब्याल ने बीडी पांडे अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित होने पर खुशी व्यक्त की। डॉक्टर्स फॉर यू संस्था के डॉ. रजत जैन ने वर्चुअल संबोधन में बताया कि उनकी संस्था ने शिखर फाउंडेशन, एच डीएफसी बैंक, गिव इंडिया के सहयोग से राज्य में पहली सीटी स्कैन मशीन धारचूला व दूसरी मशीन नैनीताल में लगाई है। बीडी पांडे अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केएस धामी ने कहा कि सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध होने से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर हो जाएंगी।
उन्होंने बताया कि सीटी स्कैन मशीन संचालित करने वाले डॉक्टर का चयन कर लिया गया है, जिनका उत्तराखंड में प्रैक्टिस का रजिस्ट्रेशन होना है। यह होते ही वह नैनीताल में अपनी सेवायें देना शुरू कर देंगे। अभी डॉक्टर्स फॉर यू संस्था के द्वारा सीटी स्कैन के लिए विशेषज्ञ उपलब्ध कराए गए हैं।
इस दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रतीक जैन, सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी, डॉ. तारा आर्या स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं, डॉ. आरके वर्मा, डॉ. केएन जोशी, डॉ. एमएस दुग्ताल, डॉ. मोनिका कांडपाल, डॉ. अनिरुद्ध गंगोला, महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. पुनेरा, डॉ. द्रोपदी गर्ब्याल, तहसीलदार नवाजिश खलीक, डॉक्टर्स फॉर यू संस्था की डॉ. यशिका, डॉ. प्रकृति, डॉ. शिवम, डॉ. अमित राज, डॉ. मुखराम, नर्स अधीक्षक शशिकला पांडे, चीफ फार्मेसिस्ट आईके पांडे, डॉ. सरस्वती खेतवाल आदि मौजूद रहे।
