काशीपुर: पूजा-अर्चना के बाद नगर मंदिर पहुंची मां बाल सुंदरी देवी
काशीपुर, अमृत विचार। अष्टमी को चैती मंदिर पहुंची मां भगवती बाल सुंदरी देवी पूजा-अर्चना के बाद डोले में विराजमान होकर वापस नगर मंदिर पहुंच गई है। मां बाल सुंदरी देवी मंदिर के मुख्य पुजारी पंडा विकास अग्निहोत्री ने बताया कि गुरुवार की रात करीब 12 बजे तक चैती मंदिर में देर शाम से माता की …
काशीपुर, अमृत विचार। अष्टमी को चैती मंदिर पहुंची मां भगवती बाल सुंदरी देवी पूजा-अर्चना के बाद डोले में विराजमान होकर वापस नगर मंदिर पहुंच गई है। मां बाल सुंदरी देवी मंदिर के मुख्य पुजारी पंडा विकास अग्निहोत्री ने बताया कि गुरुवार की रात करीब 12 बजे तक चैती मंदिर में देर शाम से माता की चौकी का आयोजन किया गया।
इस दौरान माता के भजनों पर श्रद्धालु झूमते गाते रहे, लेकिन आंधी के साथ हुई रिमझिम बारिश के कारण कुछ समय के लिए व्यवधान उत्पन्न हो गया। इसके बाद करीब ढाई बजे तक हवन पूजन किया गया। प्रतीकात्मक रूप में बलि और पूर्णाहुति के साथ मां बाल सुंदरी देवी का डोला चैती मंदिर से वापस नगर मंदिर स्थित पंडा आवास के लिए प्रस्थान किया। डोले में सहायक प्रधान पंडा मनोज अग्निहोत्री मां की प्रतिमा को गोद में लेकर बैठे।
डोला चैती मंदिर से मां के जयकारों के साथ द्रोणा सागर, एमपी चौक, मुख्य बाजार, डॉक्टर लाइन, मुंशीराम का चौराहा होते हुए पक्काकोट स्थित नगर मंदिर पहुंचा। इस दौरान विधि विधान के साथ नगर मंदिर में मां की प्रतिमा स्थापित की गई। डोले के साथ श्रद्धालु भारी संख्या में माता के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भारी पुलिस बल मौजूद रहा। वहां पर पंडा वंश गोपाल अग्निहोत्री, पंडा शक्ति अग्निहोत्री, विवेक अग्निहोत्री, कोतवाल मनोज रतूड़ी, आईटीआई थाना प्रभारी एके सिंह, जसपुर कोतवाल धीरेंद्र कुमार मौजूद रहे।
