उत्तराखंड: शराब की दुकान में छह लाख की लूट, शराब की बोतलें भी तोड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। अपराधी प्रवृत्ति के लोगों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। हल्दूचौड़ स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में पांच लोगों ने तमंचे के बल पर जमकर आतंक मचाया। इस दौरान उन्होंने कई शराब की बोतलें तोड़ दी। दुकान के सेल्समैन ने दो नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट, …

हल्द्वानी, अमृत विचार। अपराधी प्रवृत्ति के लोगों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। हल्दूचौड़ स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान में पांच लोगों ने तमंचे के बल पर जमकर आतंक मचाया। इस दौरान उन्होंने कई शराब की बोतलें तोड़ दी। दुकान के सेल्समैन ने दो नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट, मारपीट व तोड़फोड़ की तहरीर दी है। एसओ शांतनु पाराशर ने कहा कि मामले में तहरीर मिली है। जांच की जा रही है, मामले में जो भी दोषी पाए गए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हल्दूचौड़ स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के सैल्समैन मनीष कांडपाल, सचिन कुमार, इशांत अधिकारी व भानू मेहरा ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि कहा कि शुक्रवार की रात को करीब साढ़े नौ बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। तभी कार से आए रोहित दुम्का, नवीन तिवारी व अन्य तीन लोगों ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। तमंचा लहराते हुए गालीगलौच और जान से मारने की धमकी देने लगे। इस दौरान उन्होंने शराब व बीयर की कई पेटियां जमीन में गिराकर तोड़ दी।

उनके आतंक को देखकर सैल्समैन वहा से भाग गए। करीब 10 मिनट तक दुकान में आतंक मचाने के बाद हमलावर चले गए। जिसके बाद सैल्समैनों द्वारा 112 में फोन कर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि हमलावर गल्ले में रखे दो दिन की शराब बिक्री के छह लाख 20 हजार रुपए भी ले गए। यही नही दुकान में लगे सीसीटीबी कैमरों का सैटअप बॉक्स भी अपने साथ ले गए।

संबंधित समाचार