पीलीभीत: राष्ट्र का भविष्य भाषण और चुनाव जीतने-हारने से नहीं बनता- वरुण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कहा कि राष्ट्र का भविष्य भाषण देने और चुनाव जीतने-हारने से नहीं बनता। इसके लिए सच्ची देश सेवा किया जाना आवश्यक है। देश की असली लड़ाई रोजगार और भ्रष्टाचार की है। यह समय चिंतन करने का है। राजनीतिक दल और नेताओं को आपसी प्रतिद्वंदिता छोड़ देश के …

पीलीभीत, अमृत विचार। भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कहा कि राष्ट्र का भविष्य भाषण देने और चुनाव जीतने-हारने से नहीं बनता। इसके लिए सच्ची देश सेवा किया जाना आवश्यक है। देश की असली लड़ाई रोजगार और भ्रष्टाचार की है। यह समय चिंतन करने का है। राजनीतिक दल और नेताओं को आपसी प्रतिद्वंदिता छोड़ देश के भविष्य के बारे में सोचना चाहिए।

उनकी ओर से अब तक जो भी मुद्दे उठाए गए वह राष्ट्रहित के थे। ऐसे मुद्दों को वह मरते दम तक उठाते रहेंगे। यह बात सांसद वरुण गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र पीलीभीत आगमन के दौरान हुई एक सभा में कही। विधानसभा चुनाव के बाद सांसद वरुण गांधी शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर पीलीभीत आए। विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार आगमन पर उनके समर्थक जोश से भर गए।

सांसद भी समर्थकों के उत्साह को देख खासा खुश हुए। बरेली हाईवे पर खमरिया पुल पर बड़ी संख्या में जमा हुए समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए सांसद को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। उनके लंबे काफिले को देख तमाम राहगीर दंग रह गए और कई रास्तों पर जाम लगा। एक संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। जिसमें सांसद अपने ही अलग तेवर में दिखे।

कहा कि राजनीति देश को खड़ा करने का साधन है। देश के लिए जो भी त्याग करना पड़ेगा वह कभी पीछे नहीं हटेंगे। भ्रष्टाचार बेरोजगारी समेत अन्य समस्याओं पर जब अन्ना हजारे का आंदोलन हुआ था तो वह अकेले ऐसे सांसद थे जो सबसे पहले वहां जाकर बैठे थे। जब किसानों का आंदोलन था तो भी उन्होंने सबसे पहले समर्थन किया।

आज सारे देश में डेढ़ करोड़ नौकरियां खाली हैं, जिन्हें भरा नहीं जा रहा। नौजवान खाली पेट बेरोजगारी की मार झेलता घूम रहा है। करोड़ों बेरोजगारों को नहीं पता कि आगे उनके साथ क्या होने वाला है। कहा कि हमारी लड़ाई रोजगार और आर्थिक समानता की है। चलिए अकाउंट में पैसे नहीं आए, दो करोड़ नौकरियां मिलनी थी वह भी नहीं मिली।

किसान की जो आय दोगुना होनी थी, नहीं हुई। कहा कि हिंदू मुस्लिम कोई मुद्दा नहीं है, यह मुद्दा केवल इसलिए है कि असली मुद्दों पर ध्यान ना दिया जाए। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य हरिओम राठौर, गुड्डू गंगवार, दिग्विजय, राजेश गंगवार, परमेश्वरी दयाल गंगवार, भूपराम गंगवार, रूपेश गंगवार, राजू आचार्य, राजेश सिंह, सतनाम सिंह, मनोज वर्मा, सतीश गुप्ता, मिथुन राय, देवी सिंह, मन्नू कश्यप, टीटू चौहान, लोकेश गंगवार, अमित गंगवार, बंटी गुप्ता, अचल दीक्षित, प्रकाश शर्मा राजकुमार भारती, बबलू वर्मा, टिंकू अग्निहोत्री, इंद्रजीत सिंह बटन, रंजीत सिंह, विनोद अवस्थी, परवेज अंसारी, राम नरेश वर्मा आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें-

बरेली: राष्ट्रीय हनुमान दल ने मनाया ‘हनुमान जन्मोत्सव’, श्रीराम और बजरंगबली के गीतों पर थिरके श्रद्धालु

संबंधित समाचार