हल्द्वानी: बागजाला वन भूमि पर बढ़ा अवैध निर्माण का खतरा
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापार बागजाला वन भूमि पर अवैध निर्माण करने की आशंका बनी हुयी है। जिन अतिक्रमणकारियों ने रेलवे भूमि पर कब्जा कर पक्के मकान बना लिये हैं। वे अब बागजाला में कब्जा करने की फिराक में हैं। हालांकि, वन विभाग ने बागजाला में हाई अलर्ट जारी किया है। रेंज को अवैध निर्माण नहीं …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापार बागजाला वन भूमि पर अवैध निर्माण करने की आशंका बनी हुयी है। जिन अतिक्रमणकारियों ने रेलवे भूमि पर कब्जा कर पक्के मकान बना लिये हैं। वे अब बागजाला में कब्जा करने की फिराक में हैं। हालांकि, वन विभाग ने बागजाला में हाई अलर्ट जारी किया है। रेंज को अवैध निर्माण नहीं होने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे ने हल्द्वानी रेलवे स्टेशन से इंदिरा नगर फाटक तक रेलवे भूमि पर 4,365 अवैध पक्के निर्माण चिह्नित किये हैं। वहीं, रेलवे भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर जिला प्रशासन और रेलवे ने कार्ययोजना भी बनाई है। इस बार तय माना जा रहा है कि रेलवे भूमि से अतिक्रमण ध्वस्त किया जायेगा। ऐसे में आशंका है कि रेलवे भूमि के कुछ अतिक्रमणकारी गौलापार बागजाला में वन भूमि पर बसने की फिराक में है।
सूत्रों की मानें तो यहां अतिक्रमण करने का प्रयास भी किया गया। यह मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद वन अधिकारियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। तराई पूर्वी वन डिवीजन की गौला रेंज स्टाफ को दिन-रात विशेष गश्त करने के निर्देश दिये हैं। सख्त हिदायत दी गई है कि गौलापार बागजाला में वन भूमि पर किसी भी किस्म का अवैध निर्माण होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। वहीं, विभागीय अधिकारी भी स्वयं भी इसकी निगरानी कर रहे हैं।
बागजाला वन भूमि पर अतिक्रमण की सूचना थी। इसलिए अलर्ट जारी किया गया है। वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। इसको लेकर पैट्रोलिंग स्टाफ में विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
-दिनकर तिवारी, डीएफओ, तराई पूर्वी वन डिवीजन, हल्द्वानी
