बाजपुर: ईको टूरिज्म से महंगाई पर पा सकते हैं काबू – रावत

बाजपुर, अमृत विचार। प्रदेश में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देकर महंगाई पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है। प्रदेश में करीब 73 प्रतिशत क्षेत्रफल में वन भूमि है और वनों से आय नाममात्र की ही होती है। इसके लिए वनों से आय के साधन कैसे बढ़ाए जाएं इस पर विचार करना होगा। भाजपा …
बाजपुर, अमृत विचार। प्रदेश में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देकर महंगाई पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है। प्रदेश में करीब 73 प्रतिशत क्षेत्रफल में वन भूमि है और वनों से आय नाममात्र की ही होती है। इसके लिए वनों से आय के साधन कैसे बढ़ाए जाएं इस पर विचार करना होगा। भाजपा सरकार इसको लेकर काम करती दिख रही है।
मंगलवार को यह बात पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ग्राम लखनपुर स्थित श्रीराधा-कृष्ण गोसेवा सदन (ट्रस्ट) में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही। उन्होंने गोशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा गऊ सेवा करने के साथ ही गोवंशीय पशुओं को गुड़ इत्यादि का सेवन करवाया। उन्होंने कहा कि हम आय के साधन बढ़ा रहे हैं, वनों से प्रदेश को आंशिक योगदान राजस्व के रूप में मिलता है। वनों से इनकम कैसे हो इस पर विचार किया जाना चाहिए। माइनिंग व ईको टूरिज्म आदि को बढ़ावा देकर हम महंगाई का सामना कर सकते हैं। पर्यावणीय चक्र में परिवर्तन आ गया है और इसका दुष्प्रभाव रोकने के लिए पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देना होगा।
कांग्रेस की फूट को उन्होंने उनका आंतरिक मामला बताया। इससे पूर्व गोशाला संचालकों व भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार, वन विकास निगम के चेयरमेन सुरेश परिहार, गजराज सिंह बिष्ट, गोपाल कोच्छड़, सत्यभूषण सिंघला, रमेश मित्तल, सुशील सिंघला, संजय मित्तल, वीरेंद्र सिंह बिष्ट, विकास गुप्ता, खीम सिंह दानू, बिट्टू चौहान, प्रवीण देउपा, प्रमोद भट्ट, महेश राठौर, दलीप सिंह, अमित चौहान, राकेश गुप्ता, हरीश वर्मा, सोनू राठौर आदि मौजूद थे। वहीं पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ग्राम हरिपुरा हरसान निवासी कांग्रेसी नेता पूर्व राज्यमंत्री वीरेंद्र सिंह रौतेला के आवास पर पहुंचकर उनके बेटे दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन रौतेला के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त कीं।