बहराइच: भाई की आंखों के सामने नदी में युवक को खींच ले गया मगरमच्छ, नहीं मिला शव
बहराइच। नेपाल निवासी एक युवक कतर्नियाघाट के सिरसियनपुरवा गांव निवासी मामा के यहां शादी में शामिल होने आया था। बुधवार सुबह वह अपने मौसेरे भाई के साथ नित्य क्रिया को गया था। मौसेरे भाई के सामने ही मगरमच्छ युवक को नदी में खींच ले गया। इसके बाद निवाला बना लिया। अभी तक शव बरामद नहीं …
बहराइच। नेपाल निवासी एक युवक कतर्नियाघाट के सिरसियनपुरवा गांव निवासी मामा के यहां शादी में शामिल होने आया था। बुधवार सुबह वह अपने मौसेरे भाई के साथ नित्य क्रिया को गया था। मौसेरे भाई के सामने ही मगरमच्छ युवक को नदी में खींच ले गया। इसके बाद निवाला बना लिया। अभी तक शव बरामद नहीं हो सका है।
सुजौली थाना क्षेत्र के कतर्नियाघाट रेंज के सदर बीट में ग्राम पंचायत चहलवा के सिरसियन पुरवा गांव निवासी मामा के यहां शादी में शामिल होने आए नेपाल के गुलहरिया युवक दीपू (20) पुत्र संतोषी दो दिन पूर्व आया था। मामा हरिमोहन पुत्र छोटकऊ के यहां दीपू अपनी माँ के साथ आया था। बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे वह उर्रा गांव निवासी अपने मौसी के लड़के शिवा पुत्र दुर्गेश के साथ गांव से सटे सरयू नहर के किनारे शौच के लिए गया था।
शौच के दौरान पानी से निकल कर एक विशालकाय मगरमच्छ युवक दीपू को पानी में खींच ले गया यह दृश्य देखकर पास बैठा मौसेरा भाई चिल्लाते हुए भाग खड़ा हुआ। उसके शोर मचाने पर आसपास लोग एकत्रित हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग व पुलिस की टीम घटना स्थल पर पंहुच गई। स्थानीय लोग शव को तलाश करने की कोशिश में जुट गए, लेकिन मगरमच्छ का डर और पानी का तेज बहाव देख लोग हिम्मत नही जुटा पाए। वहीं घटना से परिवारीजनों में मातम छा गया। घटना स्थल पर प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह व वनकर्मी सदर बीट इंचार्ज अब्दुल सलाम दलबल के साथ मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका है।
पढ़ें-बीजेपी को सपोर्ट करने वाले मुस्लिम युवक को बताया काफिर, मस्जिद से निकाला बाहर
