हल्द्वानी: उपचुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की हार का प्लान बता गए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे करन माहरा का स्वराज भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान करन माहरा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार ने भले ही कार्यकर्ताओं को निराश किया है लेकिन यह वक्त दोबारा एकजुट होकर काम करने का है। …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे करन माहरा का स्वराज भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान करन माहरा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार ने भले ही कार्यकर्ताओं को निराश किया है लेकिन यह वक्त दोबारा एकजुट होकर काम करने का है।

उन्होंने कहा कि इस बात में कोई शक नहीं है कि चंपावत सीट पर होने वाले उपचुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जिताने के लिए पूरा सरकारी अमला मदद करेगा लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस मजबूती से इस सीट पर चुनाव लड़ेगी। उपचुनाव को लेकर पूर्व में उम्मीदवार रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता हेमेश खर्कवाल से भी बात की जाएगी। आपसी सामंजस्य और एकमत होकर कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी।

कार्यकर्ताओं का संबोधित करते हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश।

बताते चलें कि खटीमा विधानसभा से पुष्कर सिंह धामी को कांग्रेस के भुवन कापड़ी से हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद चम्पावत विधानसभा से भाजपा विधायक कैलाश गहतोड़ी के इस्तीफे के बाद इस सीट से अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव लड़ेंगे। इस दौरान धामी सरकार पर बरसते हुए करन माहरा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं लेकिन सरकार चुप्पी साधे हुई है। आपदा के छह महीने बीतने के बाद भी प्रदेश की अधिकतर सड़कें खस्ताहाल पड़ी हुई हैं, रोजाना आम नागरिकों के साथ प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को भी जाम और दूसरी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है लेकिन इस ओर सरकार का बिल्कुल भी ध्यान नहीं है।

उन्होंने कहा कि जिस भरोसे से आलाकमान ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है वह भी पूरी ताकत से पार्टी को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को सरकार और सदन में उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में गुटबाजी जैसी कोई चीज नहीं है। मेरे अध्यक्ष बनने की वजह से एक भी विधायक नाराज नहीं है। नाराजगी की चर्चाएं मात्र अफवाह है। अब पार्टी में उन्हीं लोगों को जिम्मेदारी दी जाएगी जो जमीनी स्तर पर काम करने वाले होंगे। लंबी टीम के बजाय वह छोटी और मजबूत कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करेंगे। इसके लिए भविष्य में कार्यशालाओं के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का काम भी किया जाएगा।

इस दौरान हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल, पूर्व विधायक संजीव आर्य, प्रदेश महासचिव महेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल, जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल मौजूद रहे।

संबंधित समाचार